अयोध्या। जिला अस्पताल के इमरजेंसी ओपीडी के सामने शुक्रवार की शाम सड़क दुर्घटना में घायल एक युवक ने स्ट्रेचर के इंतजार में दम तोड़ दिया। घटना ने वीआईपी माने जाने वाले इस अयोध्या जनपद में एक बार फिर से स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली की कलई खोल दी है।
बताया गया कि रौनाही थाना क्षेत्र के पिलखावां गांव निवासी युवक 19 वर्षीय अजीत कुमार पुत्र रामहेत शुक्रवार की शाम अपने घर से मोबाइल खरीदने के लिए निकला था। अपनी बाइक से गांव के ही युवक शनि के साथ मोबाइल खरीदने सोहावल बाजार जा रहा था। उसके दोस्त शनि का कहना है कि लखनऊ हाइवे पर अरकुना चौराहे के पास एक वाहन से टक्कर को रोकने के प्रयास में मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर डिवाइडर में जा टकराई और बाइक समेत दोनों सड़क पर गिर पड़े।
दुर्घटना में अजीत कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया,जबकि उसको मामूली चोट आई। हादसे के बाद एक ऑटो से शाम लगभग साढ़े पांच बजे अजीत कुमार को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। अजीत कुमार गंभीर रूप से घायल था और उसके साथ मदद के लिए अन्य लोग भी नहीं थे। जिसके कारण अस्पताल प्रशासन से स्ट्रेचर की मांग की गई। गंभीर घायल अजीत इमरजेंसी ओपीडी के सामने तड़पता रहा और आधे घंटे तक स्ट्रेचर नहीं मिला। जिसके कारण अजीत ने इमरजेंसी ओपीडी के सामने ही दम तोड़ दिया।
जिला अस्पताल प्रशासन का कहना है कि मामले की जानकारी पर वार्ड से स्ट्रेचर मंगवा घायल को लगभग 6.10 बजे इमरजेंसी ओपीडी लाया गया। जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने परीक्षण किया तो पता चला कि घायल युवक की पहले ही मौत हो चुकी है। पोस्टमार्टम और अग्रिम विधिक कार्रवाई तथा जांच पड़ताल के लिए मेमो नगर कोतवाली पुलिस को भिजवाया गया है।