-तांत्रिक बनकर फिल्मी अंदाज में सोने के जेवरात किया पार
अयोध्या। कुमारगंज बाजार में एक महिला दवा की खरीदारी करने निकली थी। बीमारी से छुटकारा पाने की उम्मीद में महिला को ठगों ने अपना शिकार बना लिया। आइए जानते हैं आखिर कैसे एक ’फर्जी बाबा’ और उसके ’साथी’ ने फिल्मी अंदाज में इस वारदात को अंजाम दिया। शाम का समय था बाजार में चहल पहल थी, इसी बीच नगर पंचायत कुमारगंज निवासी एक महिला दवा खरीदने मेडिकल स्टोर पर पहुंचती है। इतने में दुकान के बाहर खड़े एक व्यक्ति ने महिला को बहन जी कहकर पुकारता है। महिला कुछ समझ पाती उससे पहले ही अज्ञात व्यक्ति ने अपना परिचय बताते हुए कहा कि बहन जी मै आपको पहचानता हूं आप काफी दिनों से बीमारी से परेशान है कब तक दवा कराएंगी।
आपकी तरह मेरी मौसी भी बीमारी से काफी परेशान हो चुकी थी बहुत दवा कराया मगर आराम नहीं हुआ। जिसके बाद मैंने उन्हें एक पहुंचे हुए बाबा से मिलाया बाबा के झाड़ फूंक के बाद मेरी मौसी की तबीयत ठीक हो गई। आपको भी एक बार बाबा से मुलाकात करना चाहिए। बाबा अपने तंत्र-मंत्र से आपकी ग्रह दशा ठीक कर देंगे। इसके बाद व्यक्ति ने अपने साथ चलने को कहा। थोड़ी दूर आगे ले जाकर वह बाबा से मिलाता है। बाबा ने मंत्रों का जाल बुना और विश्वास जीतने के लिए बीच-बीच में ईश्वर का भी नाम लेने लगा, महिला को झांसा दिया कि झाड़-फूंक से सब ठीक हो जाएगा। बस करना ये है कि अपने शरीर के सारे सोने के जेवरात उतारकर एक कागज में रखने होंगे।
महिला ने अटूट विश्वास में आकर अपने सोने के मंगलसूत्र और हाथ की अंगूठी उतर कर बाबा को सौंप दिए। बाबा ने कुछ तंत्र-मंत्र किए, पोटली को छुआ और महिला को एक कागज की पुड़िया थमाते हुए बड़ी ही चालाकी से कहा इसे ले जाओ, लेकिन याद रखना, इसे अभी नहीं खोलना है। रात 8 बजे गंगाजल से शुद्ध करके पहनना, तभी तुम्हारी बीमारी जड़ से खत्म होगी। महिला उस पुड़िया को उत्सुकता के साथ हाथ में लिया और मन में यह विश्वास हो गया कि आज रात 8 बजे से उसकी सारी बढ़ाएं दूर हो जाएंगी।
घर पहुंचते ही महिला बार-बार घड़ी की तरफ देखते हुए की कब जल्दी 8 बजे और वह घड़ी आए कि उसकी बीमारी जड़ से दूर हो जाए शाम ढली 8 बजते ही महिला ने कटोरी में गंगाजल लेकर श्रद्धा और विश्वास के साथ जब उस पुड़िया को खोला, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। कागज की पुड़िया में कंकड़ और पत्थर निकले। महिला को समझ आ गया कि आस्था के नाम पर उसके साथ बहुत बड़ी ठगी हो चुकी है।फिलहाल, पीड़ित महिला ने कुमारगंज थाने में जाकर आप बीती सुनाई है और थानाध्यक्ष से न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस अब उन शातिर ठगों की तलाश में जुट गई है।