अयोध्या। रौनाही टोल प्लाजा पर तीन दिन पूर्व भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव हरीश द्विवेदी के स्वागत कार्यक्रम में नेताओं की जेब साफ करने वाले गिरोह के पांच और लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
इनके कब्जे से 2 लाख एक हजार 400 रुपये, छह मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड और घटना में प्रयुक्त हुंडई वेन्यू कार बरामद की है।
एसपी देहात बलवंत चौधरी ने बताया कि स्वागत कार्यक्रम के दौरान 31 अगस्त को रौनाही टोल प्लाजा पर चोरों ने कई लोगों की जेब से रुपया और मोबाइल फोन पार कर दिया था। शिकायत पर रौनाही थाना पुलिस ने अलग-अलग छह मुकदमे दर्ज किए थे। मामलों की विवेचना और अनावरण में जुटी रौनाही थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से मिले साक्ष्य और मुखबिर की सूचना पर थाना क्षेत्र के अलीगंज कट,अयोध्या रोड से कार सवार पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
पकड़े गए लोगों ने अपना नाम पता सर्वेश रावत (32) निवासी ग्राम बहरवा, थाना बिसवां, सीतापुर, हाल पता मड़ियाव, थाना जानकीपुरम, लखनऊ,राजकुमार कश्यप उर्फ प्रधान (42) निवासी मजगवां, थाना हैदराबाद, लखीमपुर खीरी,उमेश पासी (30) निवासी मजगवां,थाना हैदराबाद, लखीमपुर खीरी,सर्वजीत सिंह (30) निवासी इस्लामगंज, फिल्डगंज,थाना डिविजन नंबर-2, लुधियाना, पंजाब और अजय कुमार कनौजिया (25) निवासी दिलेजाकपुर, थाना कोतवाली, गोरखपुर बताया है। पूछताछ में इन लोगों ने स्वागत समारोह में नकदी और मोबाइल चोरी की बात कबूल की है। इनके पास से कुल दो लाख एक हजार 400 रुपए,6 मोबाइल फोन,एक आधार कार्ड,एक पैन कार्ड और एक हुंडई वेन्यू कार बरामद हुई है।
जेब साफ करने वाला यह गिरोह लखनऊ से ही पीछे लग गया था और मौके की तलाश में था। तहसीनपुर टोल प्लाजा पर भीड़ ज्यादा होने के कारण धक्का मुक्की का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। इनके तीन साथी पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं। पकड़े गए अजय कनौजिया का लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ गोरखपुर, महराजगंज, बलरामपुर और बस्ती में पहले से चोरी,मादक पदार्थ और अन्य धाराओं में आधा दर्जन मुकदमे दर्ज मिले हैं।
महिला की आबरू पर हमला,मारपीट और गाली गलौच
अयोध्या। नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक विवाहिता के साथ छेड़छाड़, मारपीट और धमकी का मामला सामने आया है। इस संबंध में शिकायत पर पुलिस ने नगर कोतवाली में मुकदमा पंजीकृत किया है। जानकारी के मुताबिक पूराकलंदर थाना क्षेत्र के मसौधा इलाके की मूल निवासी एक विवाहिता ने अपनी आबरू पर हमले का आरोप लगाया है।
आरोप है कि विरोध करने पर उसके साथ गाली गलौच करते हुए मारपीट की गई और जान से मार डालने की धमकी दी गई। शिकायत पर नगर कोतवाली पुलिस ने महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने, जानबूझकर चोट पहुंचाने,अभद्रता और आपराधिक धमकी की धारा में रिपोर्ट पंजीकृत किया है।
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने जिला चिकित्सालय में पीड़िता का मेडिकल परीक्षण और उपचार कराया है। दर्ज मामले की विवेचना कराई जा रही है।
बुजुर्ग को जिला अस्पताल में डॉक्टर ने किया मृत घोषित
अयोध्या। जिला अस्पताल लाए जाने पर इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने एक बुजुर्ग को परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। शव को मोर्चरी में रखवा पोस्टमार्टम और अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए मेमो नगर कोतवाली पुलिस को भिजवाया है।
मृतक की पहचान करीब 65 वर्षीय राजदीप पुत्र स्व रगई निवासी देवसियापारा कोतवाली बीकापुर के रूप में हुई है। जिला चिकित्सालय प्रशासन का कहना है कि बुजुर्ग राजदीप को उनका बेटा राजेश कुमार गंभीर हाल में लेकर जिला अस्पताल आया था। इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने बुजुर्ग का मेडिकल परीक्षण किया तो पता चला कि उसकी पहले ही मौत हो चुकी है। इसके बाद शव को मोर्चरी भिजवा दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का असली कारण के स्पष्ट हो सकेगा।