पिपरमेंट टंकी 6 साल पुरानी व जर्जर थी
अयोध्या। मवई थाना क्षेत्र में पिपरमिंट से तेल निकालने के दौरान हादसा हो गया। पुरानी टंकी गैस का दबाव नहीं सहन कर पाई और धमाका हो गया। हादसे में गर्भवती महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए। हालत गंभीर होने के चलते तीनों को सीएचसी से लखनऊ रिफर किया गया। इलाज के दौरान लखनऊ के सिविल अस्पताल में घायल गर्भवती महिला के पति की मौत हो गयी। जानकारी के अनुसार मवई थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव निवासी विजय कुमार ने अपने खेत स्थित ट्यूबल के पास मेंथा से तेल निकालने के लिए टँकी लगा रखी है। सोमवार को रतनपुर गांव निवासी रमेश कुमार अपनी मेंथा की फसल से तेल निकाल रहे थे। मौके पर ही उनकी गर्भवती पत्नी गीता भी मौजूद थी। अपराह्न करीब 11ः00 बजे अचानक धमाका हो गया। बताया जा रहा है कि टंकी कई साल पुरानी थी और वह पिपरमिंट को तीव्र गर्म किए जाने के बाद बने गैस के दबाव को सहन नहीं कर पाई।
हादसे में गर्भवती महिला गीता उसका पति रमेश कुमार और टंकी मालिक विजय कुमार गंभीर रूप से झुलस गए। मामले की जानकारी पर लोगों ने तत्काल तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मवई पहुंचाया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मवई के चिकित्सक डॉ विनय ने बताया कि 45 वर्षीय विजय कुमार निवासी शेरपुर तथा 28 वर्षीय गीता देवी व उसके पति 32 वर्षीय रमेश कुमार निवासीगण रतनपुर को उपचार के लिए बेहोशी की हालत में लाया गया। गर्भवती महिला और उसके पति की हालत ज्यादा गंभीर है। हालत गंभीर होने के चलते सभी को लखनऊ रेफर कर दिया गया। मवई थाना प्रभारी निरीक्षक चन्द्रभान यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पिपरमेंट टंकी 6 साल पुरानी व जर्जर थी। जिसके चलते हादसा हुआ।घायलों को उपचार के लिए भिजवाया गया है।