-होटल कारोबारियों की बैठक में स्वच्छता और वेंडिंग जोन पर चर्चा

अयोध्या। नगर निगम की ओर से होटल संचालकों एवं व्यापारियों के साथ आयोजित बैठक में महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने कहा कि रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या आने वाले श्रद्धालु हमारे अतिथि हैं। उनका सत्कार की भावना से स्वागत किया जाना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि अन्य धार्मिक नगरियों की तुलना में अयोध्या काफी साफ-सुथरी है और यहां जलापूर्ति की व्यवस्था भी बेहतर हुई है। यातायात को लेकर व्यापारियों की ओर से आए सुझावों के समाधान का भी प्रयास किया जाएगा।
महापौर ने बताया कि यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए मानस भवन और कंचन भवन की ओर से दो वैकल्पिक मार्ग विकसित करने की योजना पर काम किया जा रहा है। उन्होंने होम स्टे और होटल संचालकों से आग्रह किया कि ग्राहकों के कमरों में रामायण एवं पूजन के लिए आसनी उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु अयोध्या पर्यटन के लिए नहीं, बल्कि आध्यात्मिक ऊर्जा ग्रहण करने के लिए आते हैं। इसलिए यहां से लौटते समय उनके मन में अयोध्या की दिव्यता और आध्यात्मिकता की अनुभूति होनी चाहिए।
नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने होटल संचालकों से कहा कि प्रत्येक कमरे में दो डस्टबिन रखें। नीले डस्टबिन में सूखा और हरे में गीला कचरा रखने की व्यवस्था हो। होटल से ही स्वच्छता का संदेश श्रद्धालुओं तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि घर-घर कूड़ा अलग करने की संस्कृति विकसित होने से नगर निगम को काफी सुविधा होगी। बैठक का संचालन अपर नगर आयुक्त भारत भार्गव ने किया।
नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार पांडेय ने बताया कि इस मौके पर वशिष्ठ फाउंडेशन की ओर से होटल संचालकों को रामायण उपलब्ध कराई गई। साथ ही स्वच्छता नियमावली की प्रतियां और पंपलेट वितरित किए गए। सफाई संबंधी समस्याएं हल न होने पर मोबाइल नंबर 7311165804 पर सूचना देने की अपील की गई।
बैठक में होटल संचालक अनिल अग्रवाल ने फतेहगंज से चौक तक सड़क की मरम्मत का मुद्दा उठाया। व्यापारियों को महापौर ने नाका और सिविल लाइन की तर्ज पर फतेहगंज ओवरब्रिज के नीचे वेंडिंग जोन विकसित करने का भरोसा दिया।
इस अवसर पर उपसभापति संतोष सिंह, पूर्व उपसभापति जयनारायण सिंह ‘रिंकू’, होटल व्यवसायी भागीरथ पचौरीवाला, अरुण अग्रवाल, प्रभंजनानंद, दीपक, श्रीनिवास शास्त्री, इंजीनियर रवि तिवारी के अलावा बड़ी संख्या में होटल एवं होम स्टे संचालक मौजूद रहे।