शतरंज विश्व चैंपियन डी गुकेश, ओलंपिक के एक ही संस्करण में दो मेडल जीतने वाली भारत की इकलौती निशानेबाज मनु भाकर, भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह और पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता प्रवीण कुमार को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार 2024 से सम्मानित किया जाएगा।
डी गुकेश देश के सर्वोच्च खेल पुरस्कार के लिए चुने जाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी हैं। उन्होंने इस मामले में अभिनव बिंद्रा को पीछे छोड़ा। बीजिंग ओलंपिक 2008 में निशानेबाजी में गोल्ड मेडल जीतने वाले अभिनव बिंद्रा को जब खेल रत्न पुरस्कार देने का ऐलान किया गया था तब उनकी उम्र 19 साल 11 महीने 10 दिन थी, जबकि 2 दिसंबर 2025 को डी गुकेश की उम्र 18 साल 221 दिन है।
युवा मामले एवं खेल मंत्रालय ने 2 दिसंबर 2025 को यह घोषणा की। सभी विजेताओं को 17 जनवरी 2025 को राष्ट्रपति भवन में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु सम्मानित करेंगी। खेल मंत्रालय ने 17 पैरा-एथलीट समेत 32 खिलाड़ियों को देश के दूसरे सबसे बड़े खेल पुरस्कार अर्जुन अवार्ड देने का फैसला किया है। खेल मंत्रालय ने बताया कि खेल पुरस्कारों के लिए गठित समिति की सिफारिशों और उनकी जांच पड़ताल करने के बाद सरकार ने खिलाड़ियों, कोचेस, यूनिवर्सिटी को पुरस्कार देने का फैसला किया है।
मनु भाकर 1 ओलंपिक में 2 पदक जीतने वाली पहली भारतीय
22 साल की मनु भाकर अगस्त 2024 में पेरिस में 10 मीटर एयर पिस्टल व्यक्तिगत और 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम स्पर्धाओं में कांस्य जीतने वाले अपने प्रदर्शन के साथ ओलंपिक के एक ही संस्करण में दो पदक जीतने वाली स्वतंत्र भारत की पहली एथलीट बनी थीं।
सबसे कम उम्र के वर्ल्ड चैंपियन हैं डी गुकेश
18 साल के डी गुकेश हाल ही में सबसे कम उम्र के विश्व चैंपियन बने हैं। उन्होंने पिछले साल शतरंज ओलंपियाड में भी भारतीय टीम को ऐतिहासिक स्वर्ण जीतने में मदद की थी। पैरा हाई-जंपर प्रवीण कुमार ने पेरिस पैरालंपिक 2024 में टी64 चैंपियन का ताज पहनाया था। टी64 वर्गीकरण उन एथलीट्स के लिए है जिनके घुटने के नीचे एक या दोनों पैर नहीं होते हैं और दौड़ने के लिए कृत्रिम पैर पर निर्भर हैं।
राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार फिजिकल एजुकेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया को मिलेगा।
खेल पुरस्कार के लिए चुने गए खिलाड़ी
| क्रम संख्या | खिलाड़ी का नाम | किस खेल में |
| 1 | ज्योति याराजी | एथलेटिक्स |
| 2 | अन्नू रानी | एथलेटिक्स |
| 3 | नीतू | मुक्केबाजी |
| 4 | स्वीटी | मुक्केबाजी |
| 5 | वंतिका अग्रवाल | शतरंज |
| 6 | सलीमा टेटे | हॉकी |
| 7 | अभिषेक | हॉकी |
| 8 | संजय | हॉकी |
| 9 | जरमनप्रीत सिंह | हॉकी |
| 10 | सुखजीत सिंह | हॉकी |
| 11 | राकेश कुमार | पैरा-तीरंदाजी |
| 12 | प्रीति पाल | पैरा एथलेटिक्स |
| 13 | जीवनजी दीप्ति | पैरा एथलेटिक्स |
| 14 | अजीत सिंह | पैरा एथलेटिक्स |
| 15 | सचिन सरजेराव खिलारी | पैरा एथलेटिक्स |
| 16 | धरमबिर | पैरा एथलेटिक्स |
| 17 | प्रणव सूरमा | पैरा एथलेटिक्स |
| 18 | एच होकातो सेमा | पैरा एथलेटिक्स |
| 19 | सिमरन | पैरा एथलेटिक्स |
| 20 | नवदीप | पैरा एथलेटिक्स |
| 21 | नितेश कुमार | पैरा-बैडमिंटन |
| 22 | थुलासिमथी मुरुगेसन | पैरा-बैडमिंटन |
| 23 | नित्या श्री सुमति सिवन | पैरा-बैडमिंटन |
| 24 | मनीषा रामदास | पैरा-बैडमिंटन |
| 25 | कपिल परमार | पैरा-जूडो |
| 26 | मोना अग्रवाल | पैरा-शूटिंग |
| 27 | रूबीना फ्रांसिस | पैरा-शूटिंग |
| 28 | स्वप्निल सुरेश कुसाले | शूटिंग |
| 29 | सरबजोत सिंह | शूटिंग |
| 30 | अभय सिंह | स्क्वाश |
| 31 | साजन प्रकाश | स्विमिंग |
| 32 | अमन सेहरावत | रेसलिंग |
उत्कृष्ट प्रदर्शन (लाइफटाइम) के लिए 2024 का अर्जुन अवार्ड
| खिलाड़ी का नाम | किस खेल में |
| सुच्चा सिंह | एथलेटिक्स |
| मुरलीकांत राजाराम पेटकर | पैरा-तैराकी |
उत्कृष्ट प्रशिक्षकों के लिए द्रोणाचार्य पुरस्कार 2024: नियमित कैटेगरी
| क्रम | कोच का नाम | खेल |
| 1 | सुभाष राणा | पैरा-शूटिंग |
| 2 | दीपाली देशपांडे | शूटिंग |
| 3 | संदीप सांगवान | हॉकी |
उत्कृष्ट प्रशिक्षकों के लिए द्रोणाचार्य पुरस्कार 2024: लाइफटाइम कैटेगरी
| क्रम | कोच का नाम | खेल |
| 1 | एस मुरलीधरन | बैडमिंटन |
| 2 | अरमांडो एग्नेलो कोलाको | फुटबॉल |
मौलाना अब्दुल कलाम आजाद (MAKA) ट्रॉफी 2024
| क्रम | यूनिवर्सिटी का नाम | |
| 1 | चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी | ओवरऑल विजेता विश्वविद्यालय |
| 2 | लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (पंजाब) | प्रथम उपविजेता विश्वविद्यालय |
| 3 | गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी, अमृतसर | द्वितीय उपविजेता विश्वविद्यालय |