योग भारत की आत्मा का संगीत, इसे जीवन का हिस्सा बनाएं : वेद प्रकाश गुप्ता

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बोले विधायक, विकास और योग की चेतना से बनेगा विश्वगुरु भारत

अयोध्या। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर गुलाबबाड़ी में आयोजित कार्यक्रम में विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने सहभागिता करते हुए योग को भारत की सनातन ज्ञान परंपरा की अमूल्य धरोहर बताया। कार्यक्रम का आयोजन पुरातत्व विभाग द्वारा किया गया।

विधायक ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का विज्ञान है। यह स्वयं को पहचानने और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि आज विश्व के 200 से अधिक देशों में करोड़ों लोग योग को अपनाकर भारत की सांस्कृतिक चेतना का सम्मान कर रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र द्वारा 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में स्वीकार किया जाना भारत की आध्यात्मिक परंपरा की वैश्विक स्वीकृति का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से योग विश्वव्यापी जनआंदोलन का स्वरूप ले चुका है और भारत की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई मिली है। विधायक ने कहा कि योग तनाव, अवसाद और असंतुलित जीवनशैली से मुक्ति का प्रभावी माध्यम है तथा प्रत्येक व्यक्ति को इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।

वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के साथ स्वस्थ भारत का संकल्प भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठजनों से नियमित योग करने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ नागरिक ही समृद्ध समाज और सशक्त राष्ट्र की नींव होते हैं। उन्होंने कहा कि विकास की गति और योग की चेतना मिलकर भारत को विश्वगुरु बनाने का मार्ग प्रशस्त करेंगी।

इसे भी पढ़े  गोवंश से टकराई बाइक, बाराबंकी में तैनात हेड कांस्टेबल की दर्दनाक मौत

विधायक ने अपने संबोधन में केंद्र सरकार के बारह वर्षों की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” अभियान के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में हो रहा व्यापक विकास सांस्कृतिक पुनर्जागरण और जनआस्था के सम्मान का जीवंत उदाहरण है। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष हेमंत जायसवाल, रीना द्विवेदी, मीडिया प्रभारी अमित कुमार मिश्र, सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों नागरिकों, महिलाओं, युवाओं ने योगाभ्यास किया।

प्रबुद्ध वर्ग से किया संवाद

कार्यक्रम के दौरान विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रबुद्धजनों से संवाद किया। उन्होंने व्यापारियों, अधिवक्ताओं, चिकित्सकों, शिक्षाविदों तथा महिलाओं से मुलाकात कर केंद्र सरकार के बारह वर्षों के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की। इस दौरान उपस्थित लोगों ने भी अपने सुझाव रखे। विधायक ने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों के साथ सतत संवाद लोकतंत्र की मजबूती का आधार है और जनभागीदारी से ही विकास योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। इस दौरान पवन जीवनी, डा अभय प्रताप सिंह, कल्पेन्द्र सिंह, योगाचार्य डा ललित तिवारी, राकेश वैद्य, महेन्द्र पाल, डा अवधेश कुमार, अजीत सिंह सहित अन्य लोगों की मौजूदगी रही।

संवरेगी गुलाबबाड़ी, पौधरोपण की बनेगी कार्ययोजना

गुलाबबाड़ी परिसर के निरीक्षण के दौरान विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने वन विभाग एवं उद्यान विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर परिसर के सौंदर्यीकरण और विकास को लेकर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को ऐतिहासिक धरोहर की गरिमा के अनुरूप सुविधाओं के विस्तार और हरियाली बढ़ाने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। विधायक ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत व्यापक पौधरोपण के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित करने को कहा। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और विरासत स्थलों का संवर्धन दोनों समान रूप से आवश्यक हैं।

You may also like

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya