राम की पैड़ी पर हुआ ऐतिहासिक सामूहिक योगाभ्यास

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-अयोध्या में ‘स्वस्थ आयु’ के संकल्प के साथ 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन


अयोध्या। रामनगरी में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर राम की पैड़ी पर ऐतिहासिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। योगी सरकार के निर्देश के बाद स्वस्थ आयु के लिए योग थीम पर भव्य कार्यक्रम हुआ। यहां सुबह छह बजे जनसैलाब उमड़ पड़ा। राम की पैड़ी पर लगभग 3000 लोगों ने एक साथ योगासन किए और विश्व को स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के सहकारिता राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार जे.पी.एस. राठौर रहे।

वहीं मंत्री जेपीएस राठौर ने योग को ऋषि-मुनियों की प्राचीन परंपरा बताया। उन्होंने कहा कि नियमित योग से शरीर स्वस्थ और मन शांत रहता है। योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की गई। समिति पदाधिकारियों ने सभी योग साधकों का स्वागत और अभिनंदन किया। लोगों को स्वस्थ, निरोग और जागरूक बनाने के लिए निःशुल्क योग शिविरों के आयोजन की जानकारी दी गई। इस भव्य कार्यक्रम में जिले के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों की भारी भागीदारी देखने को मिली।स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग और अन्य सरकारी-अर्धसरकारी संस्थाओं के कर्मचारियों ने भी योग सत्र का नेतृत्व किया।

जगह जगह पर हुआ योग

योग दिवस को जन-आंदोलन बनाने की तैयारी 15 जून से शुरू हो गई थी। महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी द्वारा ‘रन फॉर योग’ के शुभारंभ के साथ योग सप्ताह की शुरुआत हुई। 15 से 21 जून तक चले इस सप्ताह के दौरान अयोध्या जनपद में लगभग 4 लाख 36 हजार लोगों ने योग में प्रतिभाग किया। जनपद के सभी ग्राम पंचायतों, विकास खंडों, तहसीलों, स्कूल-कॉलेजों, पुलिस लाइन,सीआरपीएफ,सीआईएसएफ और अन्य संस्थानों में सामूहिक योगाभ्यास आयोजित किए गए।पतंजलि योग संस्थान, गायत्री परिवार, ब्रह्माकुमारी, लाइफ फाउंडेशन, विवेक सृष्टि और विश्व आयुर्वेद परिषद जैसे संगठनों के योग प्रशिक्षकों ने सराहनीय योगदान दिया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा और एएनएम को मास्टर ट्रेनर द्वारा प्रशिक्षित कर ग्रामीण क्षेत्रों में योग सत्रों का सफल संचालन किया गया। स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टरों, फार्मासिस्टों और नर्सिंग स्टाफ ने भी पूर्ण निष्ठा से योग को बढ़ावा दिया।

इसे भी पढ़े  एसआईटी जांच कर रही, दूध का दूध-पानी का पानी होगा : सीएम योगी

प्रतियोगिताओं के माध्यम से योग को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास

आयुष विभाग ने नागरिकों को योग से जोड़ने के लिए राज्य स्तर पर स्लोगन प्रतियोगिता और योग चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया है। इच्छुक प्रतिभागी http://kavach.upayush.in पोर्टल पर ‘प्रतियोगिता’ सेक्शन में जाकर अपनी प्रविष्टियां अपलोड कर सकते हैं। प्रतियोगिताओं की अंतिम तिथि अब 25 जून 2026 सायं 6:00 बजे तक बढ़ा दी गई है। प्रत्येक श्रेणी में राज्य स्तर पर शीर्ष 5 विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। प्रथम पुरस्कार 21,000 रुपये, द्वितीय 11,000 रुपये, तृतीय 5,100 रुपये, चतुर्थ 2,100 रुपये और पंचम पुरस्कार 1,100 रुपये रखा गया है। जिले में डॉ. धर्मेंद्र कुमार वर्मा को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

भारतीय ज्ञान ‘योग’ की महत्ता का संदेश दिया

जिला अधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बताया की आयुष मंत्रालय भारत सरकार और उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार पूरे जिले में योग का उत्साह छाया रहा। राम की पैड़ी पर हुआ ऐतिहासिक सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का मुख्य आयोजन अयोध्या की ऐतिहासिक राम की पैड़ी पर हुआ। योग में 365 कार्यक्रम के तहत पंजीकरण कर बड़ी संख्या में लोगों ने भागीदारी दर्ज कराई।इस ऐतिहासिक आयोजन से अयोध्या ने एक बार फिर ‘स्वस्थ आयु’ के संकल्प को मजबूती दी है और पूरे विश्व को प्राचीन भारतीय ज्ञान ‘योग’ की महत्ता का संदेश दिया है।

एसएसपी की मौजूदगी में पुलिस लाइन में हुआ योगाभ्यास

*12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर व अन्य पुलिस अधिकारी/कर्मचारीगण द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन में योगाभ्यास किया गया। योग प्रशिक्षक द्वारा प्रतिभागियों को विभिन्न आसनों का अभ्यास कराया और बताया कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं बल्कि मानसिक संतुलन बनाए रखने का भी प्रभावी साधन है। उन्होंने सभी को नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर यह संदेश दिया गया कि योग से बीमारियों का उपचार संभव है और इसे अपनाकर जीवन की कई शारीरिक व मानसिक कमियों को दूर किया जा सकता है। जनपद के सभी थानों और कार्यालयों में भी थाना प्रभारी एवं थानाध्यक्षों द्वारा पुलिसकर्मियों को योगाभ्यास कराया गया।

इसे भी पढ़े  कांग्रसियों ने हर्षाेल्लास के साथ मनाया राहुल गांधी का जन्मदिन

इस मौके पर विधायक चंद्रभान पासवान, पूर्व सांसद लल्लू सिंह, महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी, भाजपा पूर्व जिला अध्यक्ष संजीव सिंह सहित जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह, नगर आयुक्त जयेन्द्र कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने योगाभ्यास में सक्रिय रूप से हिस्सा लिया।

You may also like

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya