-भाजपा के रायबरेली जिला अध्यक्ष बुद्धिलाल के विरूद्ध एफआईआर के लिए सौंपा प्रार्थना पत्र
अयोध्या। कांग्रेस पार्टी का प्रतिनिधिमंडल जिला अध्यक्ष चेतनारायण सिंह के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली नगर, अयोध्या से मुलाकात कर भारतीय जनता पार्टी के रायबरेली जिला अध्यक्ष बुद्धिलाल पासी द्वारा सोशल मीडिया पर रायबरेली के सांसद एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के विरुद्ध कथित रूप से की गई अमर्यादित एवं आपत्तिजनक टिप्पणियों के संबंध में एक प्रार्थना-पत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच कर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई किए जाने की मांग की।
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्री चेतनारायण सिंह ने कहा कि भाजपा के जिम्मेदार पदों पर बैठे नेताओं द्वारा विपक्ष के नेताओं के खिलाफ अभद्र और अमर्यादित भाषा का प्रयोग लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन सार्वजनिक जीवन में शालीनता और मर्यादा बनाए रखना प्रत्येक जनप्रतिनिधि और राजनीतिक दल की जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई करने की मांग की।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने कहा कि समाज में नफरत फैलाने वाली भाषा और व्यक्तिगत टिप्पणियां सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाती हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक संवाद और संवैधानिक मूल्यों में विश्वास रखती है तथा किसी भी व्यक्ति द्वारा की गई आपत्तिजनक एवं भड़काऊ टिप्पणी के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मामले में शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की।
पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कानून सभी के लिए समान है और किसी भी व्यक्ति को सार्वजनिक मंच या सोशल मीडिया के माध्यम से आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करने की छूट नहीं दी जा सकती। भारतीय जनता पार्टी के नेता दूसरे पर उंगली उठाने से पहले अपने गिरेबान में झांके कि उनका चाल चरित्र और चेहरा कैसा है?और उनके नेता किस तरह की घटिया बातें विपक्ष के नेताओं के प्रति करते रहते हैं। प्रतिनिधि मंडल में प्रमुख रूप से पीसीसी सदस्य उग्रसेन मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष राजकुमार पांडे अशोक कनौजिया, दानिश जिया सम्मिलित रहे।