रास्ते के विवाद में हमला, तीन लोग गंभीर रूप से घायल

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

मिल्कीपुर। खंडासा थाना क्षेत्र के बरौली पूरे तोर गांव में रास्ते के पुराने विवाद को लेकर लाठी-डंडों से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। जानकारी के अनुसार बरौली पूरे तोर निवासी मनोज, अशोक और अनुज खेत में काम कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान गांव के अभयराज, मनोराज, शिवराज, अभिषेक, दीपक, श्यामराज समेत दर्जनों लोग वहां पहुंचे और तीनों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक हमलावर वहां से फरार हो चुके थे। घटना के बाद स्थानीय लोग घायलों को लेकर खंडासा चौकी पहुंचे, जहां से पुलिस ने उन्हें उपचार के लिए निकट स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खंडासा भेज दिया। चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। बताया जा रहा है कि घायलों के सिर, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं।

पूर्व प्रधान राजेश सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच गांव के एक रास्ते को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। उनका कहना है कि उक्त रास्ते का निर्माण वर्ष 2016-17 में कराया गया था, लेकिन आरोप है कि विपक्षी पक्ष ने रास्ते पर थ्रेसर खड़ा कर आवागमन बाधित कर दिया है। इसी विवाद को लेकर दो-तीन दिन पूर्व भी दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई थी, जिसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों का शांति भंग की आशंका में चालान किया था। ग्रामीणों का आरोप है कि चौकी पर तैनात दरोगा विधान चंद्र की कथित सह पर आरोपियों ने दोबारा हमला किया।

पीड़ित का आरोप है कि हम जब मामले को लेकर चौकी पर जाते हैं तो हमारी सुनवाई नहीं होती। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। वहीं दरोगा पर लगाए गए आरोपों के संबंध में उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है और मामले की जांच कर रही है।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya