The news is by your side.

राजा राम की अयोध्या थीम पर होगा अयोध्या महोत्सव का आयोजन

-महोत्सव के दौरान पूरे प्रांगण को राममय करने की तैयारी में जुटी आयोजन समिति

अयोध्या। राजकीय पालिटेक्निक के निकट फारएवर लान में 25 फरवरी से 7 मार्च तक आयोजित अयोध्या महोत्सव की थीम है राजा राम की अयोध्या। महोत्सव के दौरान पूरे प्रांगण को राममय करने की तैयारी है। अंतराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कवि व सिनेमा, टीवी अभिनेताओं के साथ लोकसंस्कृति को परिभाषित करने वाले कलाकार महोत्सव की शोभा होंगे। अयोध्या की संस्कृति को दर्शाते कार्यक्रम भारतीय परिवेश में मिश्रित संस्कारों की झलक दिखायेंगे। उक्त अयोध्या महोत्सव न्यास के संयोजक व रुदौली विधायक रामचंद्र यादव तथा न्यास अध्यक्ष हरीश कुमार श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से दी। महोत्सव संयोजक रामचंद्र यादव ने बताया कि इस वर्ष कोविड के कारण दिसंबर माह में आयोजित नहीं हो सका। रामजन्मभूमि के भूमि पूजन के उपरान्त अयोध्या में इसका आयोजन हो रहा है। महोत्सव अयोध्या के राजा राम को समर्पित होगा। उन्हीं के नाम से महोत्सव का प्रथम द्वार श्री राम प्रवेश द्वार के नाम से जाना जाएगा। साथ ही अयोध्या महोत्सव के मंच को श्री राम मंडपम का नाम दिया जा रहा है और महोत्सव प्रांगण के मध्य में श्री राम कला गांव का निर्माण किया जा रहा है। महोत्सव के पंडाल के मध्य भव्य श्री राम कला दीर्घा का निर्माण किया जा रहा है।
उन्होने बताया कि महोत्सव के दूसरे दिन बाबा सत्य नारायण मौर्य द्वारा प्रस्तुत श्री राम आरती का कार्यक्रम तथा महोत्सव के मध्य में श्री राम अध्यात्म संध्या का आयोजन भी हो रहा है। यह महोत्सव भव्य हो इस हेतु अयोध्या महोत्सव 2021 के आयोजन समिति में संरक्षक मंडल, संयोजक मंडल व कार्यक्रम प्रभारियों के साथ एक बृहद समिति का गठन कर दिया गया है। महोत्सव न्यास के अध्यक्ष हरीश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि महोत्सव के प्रांगण में विभिन्न सांस्कृतिक, सामाजिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों के स्टाल एवं मनोरंजन हेतु झूले की व्यवस्था की जा रही है। महोत्सव 2021 का विशेष आकर्षण महोत्सव के मध्य में राष्ट्रीय कवि संगम का अधिवेशन एवं राष्ट्रीय कवि सम्मेलन का आयोजन होगा। जिसमें हरिओम पवार, सुदीप भोला, रुचि चतुर्वेदी सहित राष्ट्रीय क्षितिज के कई कवि अपनी रचनाएं प्रस्तुत करेंगे। सरस सलिल भोजपुरी सिने अवॉर्ड शो में भोजपुरी सिनेमा से जुड़े कई अभिनेता एवं अभिनेत्रियां मौजूद रहेंगी। फोक अवॉर्ड शो जिसमें विभिन्न लोक कलाओं के ख्यात प्राप्त कलाकार, आर्ट अवॉर्ड शो जिसमें कला जगत की संपूर्ण भारत के कलाकार, सोशल वेलफेयर अवॉर्ड शो जिसमें सामाजिक क्षेत्र से काम करने वाले विभिन्न सामाजिक कार्यकर्ता, वरिष्ठ नागरिक सम्मान, आत्मनिर्भर अयोध्या विषयक संगोष्ठी, अयोध्या आइडल एवं बॉलीवुड नाइट, कॉमेडी नाइट, भजन संध्या, शास्त्रीय संध्या, फोक नाइट जैसे विधाओं की प्रस्तुतियां अयोध्या महोत्सव के मंच पर की जाएंगी। उन्होने बताया कि अयोध्या महोत्सव अयोध्या के जन-जन का महोत्सव बन चुका है और यह महोत्सव नवोदित कलाकारों व प्रतिभाओं को एक मंच प्रदान करता है

Advertisements
Advertisements

Comments are closed.