-व्यापारियों ने सुनाई अपनी व्यथा, कहा मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन को होंगे मजबूर
अयोध्या। महबूबगंज बाजार और उनियार बाजार में फोरलेन सड़क निर्माण के चलते व्यापारियों और निवासियों के समक्ष गंभीर संकट खड़ा हो गया है। यहां के सैकड़ों व्यापारी और उनके परिवार वर्षों से इन बाजारों में निवास और व्यापार कर रहे हैं, लेकिन सड़क निर्माण की प्रक्रिया में माप के अनुसार कार्य हो जाने पर उनका निवास और व्यापार पूरी तरह समाप्त हो जाएगा।
जिसको लेकर शुक्रवार को बाजार में निवास कर रहे लगभग 150 व्यापारियों और लोगों ने अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता से भेंट की और 400 लोगों के हस्ताक्षर किया ज्ञापन अयोध्या विधायक को सौंपा। जिस पर अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने मदद का आश्वाशन दिया।
विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि फोरलेन सड़क निर्माण की प्रक्रिया में उनके जीवन और व्यापार पर गंभीर संकट आ गया है। समाधान के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। दोनों बाजार लंबे समय से व्यापारिक गतिविधियों का केंद्र रहे हैं। बाई पास सड़क निर्माण की योजना पर विचार किया जाएगा ताकि व्यापारियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इस समस्या के स्थायी समाधान पर जोर दिया जाएगा।
व्यापारी नेता ध्रुव गुप्ता ने कहा कि ये दोनों बाजार खासतौर पर गरीब और अतिलघु वर्ग के व्यापारियों से भरे हुए हैं, जिनके पास जीविकोपार्जन का कोई अन्य साधन नहीं है। सड़क निर्माण की प्रक्रिया से व्यापारी समुदाय में भारी चिंता का माहौल है। व्यापारियों ने अयोध्या के विधायक वेद प्रकाश गुप्ता से बाई पास सड़क बनाने की अपील की है।
उनका कहना है कि इससे उनके समक्ष उत्पन्न हो रहे संकट का समाधान नहीं होगा। तो हम लोग आन्दोलन को मजबूर होंगे। इस दौरान व्यापारियों के बीच परशुराम, सत्यम गुप्ता, बद्री प्रसाद, दुर्गा प्रसाद, राहुल सोनी, सरजू प्रसाद गुप्ता, पवन कुमार, प्रदीप कुमार, संजय, सौरभ, ओम प्रकाश यादव और राकेश आदि लोग उपस्थित थे।