24 घंटे धरने पर बैठने के बाद भी न्याय ना मिलने से आहत महिला पहुंची थाने
इनायत नगर पुलिस ने महिला को टरकाया
कुमारगंज-फैजाबाद। होमगार्ड पति की करतूतों से नाराज महिला अपने डेढ़ वर्षीय बेटे के साथ अपनी ससुराल में ही घर के बाहर 24 घंटे धरने पर बैठी रही। मौके पर पहुंची पुलिस भी दबंग होमगार्ड के परिवार के आगे बेबस नजर आई। थक हार कर धरने पर बैठी महिला इनायत नगर थाने पहुंची जहां से पुलिस ने उसे यह कहते हुए बैरंग वापस लौटा दिया कि जब मुकदमे में न्यायालय से फैसला होगा उसी के आधार पर तुम अपने पति के साथ रह सकोगी।
इनायत नगर थाना क्षेत्र के सोंधियावां गांव निवासी होमगार्ड अजितेश चंद्र शर्मा की शादी इलाहाबाद निवासी पूजा राय से 7 दिसंबर 2015 को हुई थी। शादी के बाद से पति पत्नी में अनबन रहने लगी थी जिसके बाद जुलाई 2017 में महिला पूजा राय ने अपने पति और देवर के खिलाफ 498 ए 376 511 504 भा द वि एवं 3ध्4 दहेज उत्पीड़न अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत करा दिया था। महिला पूजा का कहना है कि बीते 16 मई 2018 को उसके पति ने एक सुलह समझौता किया जिसके आधार पर महिला 19 मई को अपने पति के साथ आ गई थी किंतु उसके पति ने फिर मारपीट कर उसे घर से बाहर निकाल दिया था। बीते 23 जून को महिला पूजा अपने ससुराल सोंधियावां पहुंची और अपने घर में जैसे ही घुसी उसके ससुरालीजनों ने घर का दरवाजा बंद कर लिया। जिससे नाराज होकर महिला अपने ससुराल में घर के सामने धरने पर बैठ गई और इनायत नगर पुलिस को सूचना दी।
जानकारी पाकर इनायत नगर थाने से उप निरीक्षक हमराही महिला सिपाहियों के साथ मौके पर पहुंचे थे और उन्होंने भी अंदर से बंद दरवाजा खुलवाते हुए महिला को घर में रहने देने की बात कही थी। किंतु होमगार्ड के घर वालों ने दरवाजा ही नहीं खोला था। मौके पर पहुंची पुलिस टीम दिल्ली होमगार्ड के परिवारीजनों के आगे बेबस नजर आए और शनिवार को वापस लौट आई थी। रविवार को महिला रोती-बिलखती अपने डेढ़ वर्ष के बच्चे अंश को साथ लिए इनायत नगर थाने पहुंची और रो-रोकर आपबीती बताते हुए न्याय की गुहार की। इनायत नगर पुलिस भी पीड़ित महिला को न्याय दिलाने में नाकाम रही और उसे यह कहते हुए वापस लौटा दिया कि जाओ तुम्हारा मुकदमा न्यायालय में लंबित है। जब तक न्यायालय का फैसला नहीं आ जाता तब तक हम लोग इसमें कुछ भी नहीं कर सकते। फिलहाल पीड़ित महिला ने इनायत नगर पुलिस की कार्यशैली पर सवालिया निशान लगाते हुए कहा कि पुलिस भी हमारे दबंग होमगार्ड पति के प्रभाव में आ चुकी है। इससे अब साफ लग रहा है कि पृथ्वी पर न्याय मिलने वाला नहीं है।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.