-सुनवाई के बाद सभी को न्यायिक हिरासत में भेजा गया जेल, सोमवार को फिर कोर्ट में किया जाएगा पेश

अयोध्या। जनपद की राम जन्मभूमि थाना पुलिस ने राम मंदिर के दान में घपले और अनियमिता के मामले में सभी नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सभी का शुक्रवार को मेडिकल परीक्षण कराया और रिमांड मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया है। अदालत ने सभी को न्यायिक अभिरक्षा में लेकर जिला कारागार रवाना किया है और भ्रष्टाचार अधिनियम के मामले में रिमांड पेशी के लिए सोमवार को तलब किया है।
गौरतलब है कि शिकायत के बाद दान और चढ़ावा की गिनती स्थल पर लगवाए गए खुफिया सीसीटीवी कैमरे ने चोरी की घटना का खुलासा किया था। इसी के बाद मामला सार्वजनिक चर्चा में आ गया था। हालांकि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से बिना कोई रिपोर्ट दर्ज कराए मामले में जांच और रिकवरी शुरू कराई गई थी। कई लोगों से नकदी आदि बरामद होने की चर्चा रही थी। संघ पदाधिकारी और ट्रस्ट के अनुरोध पर प्रदेश सरकार के विशेष जांच दल का गठन किया और प्राथमिक जांच कराई तो शिकायत और आरोप सच साबित हुए।
जिसके बाद गुरुवार की शाम ट्रस्ट सदस्य पूर्व नौकरशाह कृष्ण मोहन की ओर से रामजन्मभूमि थाने में आठ को नामजद करते हुए अन्य के खिलाफ सेवक की ओर से चोरी,आपराधिक विश्वासघात,साजिश, चुराई गई रकम ले जाने और छिपाने तथा भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने पहले से बिठाए गए कुछ आरोपियों को अपनी हिरासत में ले लिया और फिर अन्य नामजद आरोपियों को भी बुलवा लिया। बाद में 79 लाख 85 हजार 493 रुपए की बरामदगी दिखाते हुए सभी को गिरफ्तार कर लिया।
चंपत राय व अनिल मिश्रा का ट्रस्ट से इस्तीफा
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में एसआईटी की शुरुआती रिपोर्ट सरकार को सौंपे जाने के तीन दिन बाद ही दो बड़े इस्तीफे हो गए हैं। श्री राम जन्मभूमि मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इसके साथ ही ट्रस्ट के प्रमुख सदस्य अनिल मिश्रा ने भी अपना इस्तीफा सौंप दिया है। बताया जाता है कि विश्व हिंदू परिषद ने चंपत राय और अनिल मिश्रा को ट्रस्ट से इस्तीफा देने की सलाह दी है।
माना जा रहा है कि दोनों ने अपना इस्तीफा ट्रस्ट को सौंप दिया है, जिस पर आगे होने वाली ट्रस्ट की बैठक में विचार होगा। राम मंदिर ट्रस्ट ही इस पर फैसला लेगा, क्योंकि ट्रस्ट एक ऑटोनोमस बॉडी है।। बता दें कि राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में सोमवार को ही एसआईटी ने अपनी शुरुआती रिपोर्ट सरकार को सौंपी थी। इसके बाद गुरुवार को मामले में केस दर्ज किया गया।