-कृषि विवि और कल्याण फार्मर्स कंपनी लिमिटेड वाराणसी के बीच समझौता ज्ञापन पर हुआ हस्ताक्षर
अयोध्या । आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय ने कृषि शिक्षा, अनुसंधान एवं किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए चोलापुर कल्याण फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड / जयश्री नर्सरी, वाराणसी के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। इस समझौते के माध्यम से कृषि आधारित नवाचार, प्राकृतिक खेती, गुणवत्तायुक्त उत्पादन, एकीकृत कृषि प्रणाली तथा शहरी बागवानी के क्षेत्र में दोनों संस्थाएं मिलकर कार्य करेंगी।
कुलपति डॉ. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को उद्योग एवं कृषि क्षेत्र की वास्तविक आवश्यकताओं से जोड़ना भी है। कहा कि यह समझौता विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान, शोध और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराएगा। साथ ही किसानों तक आधुनिक एवं वैज्ञानिक तकनीकों को पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
विश्वविद्यालय की ओर से निदेशक शोध डॉ सौरभ दीक्षित तथा चोलापुर कल्याण फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के निदेशक शैलेंद्र रघुवंशी ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए। समझौते से कृषि विवि के छात्र-छात्राओं को आधुनिक कृषि तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त होगा। उन्हें फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी और जयश्री नर्सरी के माध्यम से औद्योगिक एवं व्यावसायिक भ्रमण, रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण, इंटर्नशिप तथा शोध कार्य करने के अवसर उपलब्ध होंगे।
वहीं किसानों को प्राकृतिक खेती,गुणवत्तायुक्त पौध उत्पादन,आधुनिक उद्यानिकी, एकीकृत कृषि प्रणाली एवं कृषि उद्यमिता से जुड़ी नवीन तकनीकों का लाभ मिलेगा। इस साझेदारी के माध्यम से विश्वविद्यालय और फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी संयुक्त रूप से प्रशिक्षण कार्यक्रम, कार्यशालाएं, प्रदर्शन इकाइयों का विकास तथा तकनीकी परामर्श जैसी गतिविधियां भी संचालित करेंगे, जिससे कृषि क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा मिलेगा और किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।
द्विपक्षीय समझौता ज्ञापन के समय निदेशक प्रशासन एवं परिवीक्षण डॉ सुशांत श्रीवास्तव, नोडल अधिकारी विधि प्रकोष्ठ डॉ रुद्र प्रताप सिंह, अध्यक्ष फल विज्ञान डॉ एस के वर्मा व सहायक निदेशक शोध डॉ गिरीश गोयल उपस्थित रहे।