-लापरवाही पर तीन लेखपालों का रोका गया वेतन
अयोध्या। जनपद की समस्त तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील बीकापुर में समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में हुआ। इस अवसर पर विधायक बीकापुर डॉ अमित सिंह चौहान व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ गौरव ग्रोवर भी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना और उसके निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने अंत्योदय राशन कार्ड से संबंधित तीन प्रकरणों का त्वरित निस्तारण कराया। माननीय विधायक ने तीनों शिकायतकर्ताओं को मौके पर ही राशन कार्ड की डिजिटल प्रति प्रदान की।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने रामपुर के लेखपाल राकेश सिंह को अवैध अधिकरण पर कार्रवाई न करने पर, लेखपाल जजवारा अभिषेक भारती को खतौनी में नाम संशोधन न करने पर व लेखपाल सुल्हेपुर अतुल सिंह के द्वारा पैमाइश कराकर कब्जा न दिलाने की शिकायत पर कार्य में लापरवाही बरतने पर कारण बताओं नोटिस जारी करते हुए माह जून का वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं।
तहसील बीकापुर में आयोजित समाधान दिवस के दौरान कुल 350 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 42 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। इसी क्रम में तहसील सोहावल में 183 शिकायतों में 17 शिकायतें, तहसील सदर में 174 शिकायतों में 15 शिकायतें, तहसील मिल्कीपुर में 244 शिकायतों में 20 शिकायतें तथा तहसील रूदौली में 126 शिकायतों में 10 शिकायतें का मौके पर निस्तारण किया गया।
रविवार को लगेगा मुख्यमंत्री आरोग्य मेला, एचपीवी टीकाकरण और योग दिवस पर रहेगा विशेष फोकस
अयोध्या। उत्तर प्रदेश शासन की मंशा के अनुरूप बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित बनाने के लिए चलाए जा रहे निःशुल्क एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान के तहत जनपद अयोध्या ने बेहतर उपलब्धि दर्ज की है। 19 जून को जनपद के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर सघन एचपीवी टीकाकरण अभियान चलाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पात्र बालिकाओं का टीकाकरण किया गया।
स्वास्थ्य विभाग ने अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए 21 जून को आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में भी पात्र बालिकाओं के एचपीवी टीकाकरण की व्यवस्था की है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी पात्र बच्चियों को नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाकर एचपीवी वैक्सीन अवश्य लगवाएं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ बालिका ही सशक्त परिवार और विकसित समाज की आधारशिला है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और प्रत्येक पात्र बालिका का टीकाकरण सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में स्वास्थ्य परीक्षण एवं विभिन्न रोगों के उपचार की सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी।
इसी क्रम में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस भी मनाया जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जनपदवासियों से योग को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि केवल एक दिन योग करने से बेहतर स्वास्थ्य का लक्ष्य हासिल नहीं किया जा सकता, बल्कि नियमित योगाभ्यास से ही स्वस्थ जीवन, स्वस्थ समाज और स्वस्थ भारत का निर्माण संभव है।
जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी डी.पी. सिंह ने बताया कि जनपद के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने आमजन से अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग कर योगासन एवं प्राणायाम का लाभ उठाने का आह्वान किया।