-बड़ी नहर के पास सवारियां बैठा रहा था प्राइवेट बस कंडक्टर
मिल्कीपुर। अयोध्या-रायबरेली राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में प्राइवेट बस के कंडक्टर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। हादसा कुमारगंज थाना क्षेत्र के रमेशनगर बड़ी नहर के पास सुबह करीब सात बजे हुआ। जानकारी के अनुसार जगदीशपुर से अयोध्या जा रही एक प्राइवेट सवारी बस (यूपी 45 टी 5214) रमेशनगर बड़ी नहर के निकट रुकी हुई थी और उसमें सवारियां बैठाई जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने बस में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का शीशा साफ कर रहे कंडक्टर संतोष गुप्ता (42) पुत्र साहब शरण गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई। संतोष गुप्ता सुल्तानपुर जनपद के हलियापुर थाना क्षेत्र स्थित जराई कला गांव के निवासी थे और प्रतिदिन इस बस में कंडक्टर के रूप में कार्य करते थे। हादसे में बस में सवार 17 वर्षीय प्रज्ञा सिंह पुत्री रमेश सिंह निवासी ककरहवा, थाना हलियापुर भी घायल हो गईं। उन्हें उपचार के लिए सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय कुमारगंज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। इसके अलावा धमथुआ मुगलन गांव निवासी महेश पासी (42) भी घायल हुए हैं, जो अन्यत्र अपना उपचार करा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के कर्मचारी और कुमारगंज पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने संतोष गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी मिलने पर क्षेत्राधिकारी पीयूष पाल भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाया जा रहा है ताकि यातायात सामान्य रूप से संचालित हो सके। दुर्घटना के बाद डंपर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात डंपर की तलाश कर रही है। फिलहाल मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।