-वन रेंज कुमारगंज की ओर से लगाये गये 100 फलदार व छायादार पौधे
मिल्कीपुर-अयोध्या। वन विभाग द्वारा 1 जुलाई से 7 जुलाई तक आयोजित वृक्षारोपण जन अभियान-वन महोत्सव सप्ताह के अंतर्गत रविवार को वन रेंज कुमारगंज की ओर से अमानीगंज विकासखंड के तिंदौली गांव में एक पेड़ मां के नाम थीम पर बृहद पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अभियान के तहत फलदार एवं छायादार प्रजातियों के कुल 100 पौधों का रोपण किया गया, वहीं आम भंडारा-आम बाग आपके द्वार योजना के तहत 50 ग्रामीणों को आम के पौधे भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अमानीगंज पवन सिंह ने आम, पीपल, बरगद और पाकड़ के पौधे रोपित कर अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे प्रकृति का अनमोल उपहार हैं। ये हमें शुद्ध वायु, फल, फूल, औषधियां, लकड़ी तथा जीवन के लिए आवश्यक ऑक्सीजन प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि यदि पृथ्वी पर पेड़ न हों तो मानव जीवन की कल्पना भी संभव नहीं है। पौधारोपण केवल एक सामाजिक कार्य नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। यदि हर व्यक्ति प्रतिवर्ष कम से कम एक पौधा लगाए और उसकी नियमित देखभाल करे तो हमारा पर्यावरण अधिक हरा-भरा, स्वच्छ और सुरक्षित बन सकता है।
क्षेत्रीय वन अधिकारी प्रमोद श्रीवास्तव ने बताया कि वन महोत्सव सप्ताह के तहत वन विभाग लगातार पौधारोपण अभियान चला रहा है। तिंदौली गांव में विभिन्न प्रजातियों के 100 फलदार एवं छायादार पौधे लगाए गए हैं। साथ ही ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 50 लोगों को आम के पौधे वितरित किए गए, ताकि वे अपने घरों और खेतों में पौधारोपण कर हरित वातावरण बनाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी देखभाल करना भी उतना ही आवश्यक है।
तभी वृक्षारोपण अभियान का उद्देश्य सफल होगा और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण मिल सकेगा। इस अवसर पर जिला सहकारी बैंक के डायरेक्टर शंभू सिंह, प्रधान प्रतिनिधि तिंदौली सुरेश सिंह, बीट प्रभारी अंबिका प्रसाद चौबे, वन दरोगा विष्णु चौहान, लोकेश शर्मा सहित वन विभाग के कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा करने का संदेश दिया।