-ग्रामीणों के पहुंचने पर वाहन छोड़कर भागे चालक व सवार, परिजनों ने खंडासा पुलिस को दी तहरीर
मिल्कीपुर। खंडासा थाना क्षेत्र के सैदखानपुर गांव में मंगलवार शाम खेत की रखवाली करने जा रही 25 वर्षीय युवती की बोलेरो वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों को देखकर बोलेरो सवार वाहन छोड़कर फरार हो गए। गंभीर हालत में युवती को मेडिकल कॉलेज दर्शन नगर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सैद खानपुर निवासी सोहनलाल ने खंडासा पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी बेटी गीत मंगलवार शाम घर से खेत की ओर जा रही थी।
आरोप है कि पूर्व माध्यमिक विद्यालय सैद खानपुर के पास मंगला प्रसाद उर्फ बेचूलाल पुत्र रामधीरज निवासी अघियारी, थाना खंडासा बोलेरो वाहन संख्या यूपी 61 वी 9889 चला रहे थे। वाहन में उनके साथ एक अन्य व्यक्ति भी बैठा था। परिजनों का आरोप है कि बोलेरो की चपेट में आने से गीत सड़क पर गिर गई। आरोप है कि वाहन चालक ने दोबारा भी उसके ऊपर गाड़ी चढ़ा दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके की ओर दौड़े।
ग्रामीणों को आता देखकर बोलेरो सवार दोनों लोग वाहन को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गए। ग्रामीणों और परिजनों की मदद से घायल युवती को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज दर्शन नगर ले जाया गया, लेकिन वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी गांव में पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है। समाचार लिखे जाने तक मृतका का शव गांव नहीं पहुंचा था।
परिजनों ने घटना को लेकर खंडासा पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। दुर्घटना में शामिल बोलेरो वाहन अभी घटनास्थल पर ही खड़ा बताया जा रहा है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक खंडासा सुरेंद्र कुमार सोनकर ने बुधवार को बताया कि घटना की जानकारी अभी मिली है। तहरीर प्राप्त हुई है और पुलिस टीम को घटनास्थल पर भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है।