-कृषि विवि पहुंचे कृषि मंत्री शाही, टेक्नोलॉजी पार्क, शैक्षिक व मात्सियकी प्रक्षेत्र का किया निरीक्षण, शोध कार्यों की समीक्षा की

अयोध्या। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में सोमवार को कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने सुबह- सुबह भ्रमण कर विभिन्न प्रक्षेत्रों पर हो रहे शोध कार्यों को निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर कार्यों के प्रगति की समीक्षा भी की। मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने सबसे पहले परिसर स्थित शैक्षिक प्रक्षेत्र पहुंचे जहां उन्होंने शोध कार्य व ढेंचा व अन्य बीजों के उत्पादन की जानकारी ली।
मंत्री ने टेक्नोलॉजी पार्क में मक्के की फसल का अवलोकन करने के बाद प्रशिक्षण एवं प्रदर्शन ईकाई केंद्र पर हरी खाद के लिए तीन हेक्टेयर में लगे ढैंचा के उत्पादन को देखा। शैक्षिक प्रक्षेत्र पर छह हेक्टेयर में ढैंचा की खेती की गई है। इसके बाद मंत्री ने एग्री टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए निर्माणाधीन टूरिस्ट कॉटेज को भी देखा। वेस्ट डी. कंपोजर यूनिट का निरीक्षण कर इसके शुरू होने से पहले वैज्ञानिकों को प्रशिक्षण लेने की सलाह दी। उन्होंने मात्सियकी प्रक्षेत्र पर मछली उत्पादन व मखाना की खेती का अवलोकन किया।
मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि विवि व कृषि विज्ञान केंद्रों के माध्यम से किसानों को ढैंचा की खेती के लिए प्रोत्साहित करने की जरूरत है। इससे किसानों के खेत उपजाऊ बनेंगे और यह यूरिया की कमी को भी पूरा करेगा। उन्होंने वैज्ञानिकों से चर्चा में कहा कि विवि के वैज्ञानिक ढैंचा की नई प्रजाति विकसित करें। इस दौरान उन्होंने बंजर जमीनों को सही प्रयोग में लाने पर वैज्ञानिकों के साथ गहन मंथन किया।
भ्रमण के बाद उन्होंने विश्वविद्यालय के निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति को लेकर कुलपति व कार्यदायी संस्था के सदस्यों के साथ बैठक की और निर्धारित समय के अंदर गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान विवि के समस्त अधिष्ठाता, निदेशक, इंजीनियर, वैज्ञानिक एवं प्रक्षेत्र प्रभारी मौके पर मौजूद रहे।