-यातायात प्रबंधन व श्रद्धालुओं के आवागमन की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

अयोध्या। गंगा दशहरा पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित बनाए रखने हेतु जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने सरयू घाटों एवं राम की पैड़ी का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पेयजल, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं के आवागमन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि गंगा दशहरा के अवसर पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित कर ली जाएं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी एवं भीड़ प्रबंधन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता रहेगी। जिलाधिकारी ने नगर निगम एवं संबंधित विभागों को घाटों पर निरंतर सफाई व्यवस्था बनाए रखने तथा जलभराव एवं फिसलन जैसी समस्याओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही श्रद्धालुओं से अपील की कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें एवं पर्व को शांतिपूर्ण एवं स्वच्छ वातावरण में संपन्न कराने में सहयोग करें। इस अवसर पर नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार, एसपी नगर चक्रपाणि त्रिपाठी,अपर जिलाधिकारी (नगर) योगानंद पांडे सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।