गोली मारकर ग्राम प्रधान की निर्मम हत्या

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

इनायतनगर थाना क्षेत्र के ग्राम हल्ले द्वारिकापुर की घटना

मिल्कीपुर। जनपद में हो रही हत्याओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी कड़ी में सोमवार की देर शाम इनायतनगर थाना क्षेत्र में ग्राम हल्ले द्वारिकापुर के ग्राम प्रधान देवशरण यादव की की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गयी। गोलीबारी में दो राहगीरों को भी गोली लगी जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत गंभीर बतायी जाती है। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों का आक्रोश भड़क उठा और ग्रामीणों ने शाहगंज-बारून मार्ग जामकर दिया जिसपर मिल्कीपुर क्षेत्र के तीन थानों की पुलिस को तैनात कर दिया गयी है। हत्या के पीछे चुनावी रंजिश बतायी जा रही है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर घटना की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार इनायतनगर थाना क्षेत्र के ग्राम हल्ले द्वारिकापुर के ग्राम प्रधान 50 वर्षीय देवशरन यादव की सोमवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या की वारदात उनके गांव के करीब शाम 7.30 बजे की है। हमलावर बाइक सवार बताए जा रहे है। फायरिंग में ग्राम प्रधान के दो अन्य सहयोगी सतीश व अर्जुन भी घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। वहीं आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी के घर में आग लगा दी। घायलों की सुरक्षा के लिए पहले से ही पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। सतीश के मुंह पर गोली लगी है। चिकित्सक गोली निकालने के लिए आपरेशन कर रहे हैं। दूसरे घायल अर्जुन का सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मिल्कीपुर में इलाज चल रहा है उसके पैर में गोली लगी है। वहीं घटना से नाराज प्रधान समर्थकों ने गांव के ही दूसरे पक्ष का छप्पर जला दिया है। ग्रामीणों ने शाहगंज हल्ले द्वारिकापुर का मार्ग भी जाम कर दिया है। स्थिति तनावपूर्ण मान मौके पर पुलिस बल भेजा गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी ने बताया कि मौके पर एसपी देहात व तीन पुलिस क्षेत्राधिकारियों को पुलिस बल के साथ भेजा गया है। सारे लोग मौके पर पहुंच चुके हैं। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। हत्या की वजह रंजिश बताई जाती है। पूर्व राज्यमंत्री आनंदसेन यादव ने हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग की है। उनका कहना है कि तीन दिन पहले ही ग्राम प्रधान के पिता की तेरहवीं थी उस वक्त भी दूसरा पक्ष हमले की फिराक में था।
बताया जा रहा है कि हत्या की एक वजह पैसे का लेनदेन भी हो सकता है। लेनदेन में आस्तीकन क्षेत्र के एक युवक का नाम आ रहा है। पुलिस के अनुसार बाइक सवार हमलावर तीन की संख्या में थे। हमलावर कई राउंड की फायररिंग के बाद भाग निकले। पुलिस हमलावरों को पेशेवर मान रही है। ग्रामीणों के अनुसार ग्राम प्रधान की मौत गोली लगने से मौके पर ही हो गई। ग्राम प्रधान को तीन गोली लगी है।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya