अयोध्या। बीकापुर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक महिला की सड़क हादसे में मौत हो गई। जिला अस्पताल प्रशासन के मेमो पर नगर कोतवाली पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। शव को परिवार के हवाले किया है।
बताया गया कि कोतवाली क्षेत्र के नरहरपुर गांव निवासी महिला शिवपती (55 वर्ष) पत्नी हौसिला सोमवार पूर्वान्ह कोतवाली क्षेत्र के तिवारीपुर के पास सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान उधर से गुजर रहे किसी वाहन ने महिला को टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों ने महिला के रिश्तेदार सत्य नरायन की मदद से उसको एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हैरिंग्टनगंज भेजवाया।
जहां प्राथमिक उपचार के बाद महिला की हालत गंभीर देख डाक्टर ने उसको जिला अस्पताल रेफर कर दिया। दोपहर बाद जिला अस्पताल लाये जाने पर इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर विशाल चौधरी ने परीक्षण के बाद उसको मृत घोषित कर शव को मोर्चरी भेजवा दिया।
डाक्टर ने युवती को किया मृत घोषित
अयोध्या। जिला अस्पताल पहुचाये जाने के बाद डाक्टर ने पूरा कलन्दर थाना क्षेत्र में एक युवती को मृत घोषित कर दिया। शव को मोर्चरी में रखवा पोस्टमार्टम के लिए लिए मेमो नगर कोतवाली पुलिस को भेजवाया है। नगर कोतवाली पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा अंतिम संस्कार के लिए परिवार के हवाले किया है।
रविवार की शाम थाना क्षेत्र के पलिया गोवा गांव में युवती मोनाली साहू (21 वर्ष) पुत्री बसंत साहू अपने घर के अंदर किचन में दुपट्टे के फंदे से लटकी मिली थी। मामले की जानकारी पर परिवार के लोगों ने उसको फंदे से नीचे उतारा था और आनन-फानन में उसके भाई दुर्गेश साहू ने उसको जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने परीक्षण के बाद उसको मृत घोषित कर दिया।