चोरी की चार बाइक के साथ गोंडा निवासी दो गिरफ्तार

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

अयोध्या। अयोध्या कोतवाली पुलिस ने रामनगरी के विभिन्न स्थलों से श्रद्धालुओं और दर्शनार्थियों के वाहन पर हाथ साफ करने वाले दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी की चार मोटर साईकिल बरामद की है।

बुधवार को क्षेत्राधिकारी अयोध्या आशुतोष तिवारी ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक अयोध्या कोतवाली पंकज कुमार सिंह की पुलिस टीम ने सरजू नगर कालोनी के पास जंगल से महेश तिवारी (20 वर्ष) निवासी सोनी हरलाल कोतवाली नगर जिला गोण्डा और शिवाकान्त तिवारी उर्फ वीरु (19 वर्ष) निवासी सोनी हरलाल कोतवाली नगर जिला गोण्डा को गिरफ्तार किया है। इनके पास से कुल चार मोटरसाइकिल यूपी 42 एजे 1070,यूपी 51एएम 8957,यूपी 42 बीडी 7248 और यूपी 32 केडब्ल्यू 6159 बरामद हुई है।

बाइक चोरी के तीन मामलों में पीड़ितों की ओर से अज्ञात के खिलाफ वाहन चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। एक बाइक इन्होंने अन्य थाना क्षेत्र से चोरी करने की बात कबूल की है। उन्होंने बताया कि महेश तिवारी के खिलाफ पहले से अयोध्या कोतवाली और गोंडा में चोरी और धोखाधड़ी के चार तथा शिवाकान्त तिवारी उर्फ वीरु के खिलाफ अयोध्या कोतवाली व गोंडा में चोरी के कुल दो मामले दर्ज मिले हैं । सीओ ने बताया कि दर्ज बाइक चोरी के मामलों में बरामदगी की धारा बढ़ा दोनों का मेडिकल परीक्षण करवा चालान किया गया है।

दूरसंचार कंपनी के मोबाइल टॉवर से केबल चोरी में गिरफ्तार

अयोध्या। कैण्ट थाना पुलिस ने दूरसंचार कंपनी के मोबाइल टावर से केबल चोरी के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। युवक के पास से दो मोबाइल टावरों से चोरी केबल बरामद हुआ है।

इसे भी पढ़े  श्रद्धालुओं का सामान चोरी करने वाला गिरफ्तार

क्षेत्राधिकारी नगर श्रेयश त्रिपाठी ने बताया कि कैंट थाना क्षेत्र के जगदीशपुर स्थित इण्डस मोबाइल टॉवर कम्पनी की साइट से केबल चोरी का मामला सामने आया था। प्रकरण में प्रबंधन की ओर से चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। दर्ज मामले के अनावरण और तहकीकात में जुटी पुलिस ने छत्ता का पुरवा रोड हनुमान मन्दिर के पीछे से दीपक उर्फ दीपू (23 वर्ष) निवासी बिजुलिहा डीह दर्शन नगर कोतवाली अयोध्या को गिरफ्तार किया है।

इसके पास से पुलिस ने कुल सात बंडल में 170 मीटर केबल बरामद हुई है। पूछताछ में दीपक उर्फ दीपू ने थाना क्षेत्र के जगदीशपुर और पूराकलन्दर थाना क्षेत्र पिपरी साइट से केबल काट चोरी की बात कबूल की है। कैंट पुलिस ने अपने यहां दर्ज चोरी के मामले में बरामदगी की धारा बढ़ा आरोपी का मेडिकल परीक्षण करवा चालान किया है।

स्मैक कारोबारी 1100 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार


अयोध्या। कैण्ट थाना पुलिस ने शहर के चर्चित स्मैक कारोबारी को 1100 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट में चालान किया है।
थाने के प्रभारी निरीक्षक संदीप सिंह ने बताया कि रात्रि गश्त,संदिग्ध व्यक्ति और वाहन की चेकिंग के दौरान सटीक सूचना के आधार पर बिंदू कुमार अग्रवाल (54 वर्ष) निवासी दालमंडी फतेहगंज कोतवाली नगर को गिरफ्तार किया गया है।

जामा तलाशी में उसके पास से कुल एक किलो 100 ग्राम गांजा बरामद हुआ है। गांजा बरामद होने के कारण बिंदु अग्रवाल के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत नामजद रिपोर्ट दर्ज करवा जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण करवा चालान किया है। उन्होंने बताया कि पकड़े गए बिंदु अग्रवाल के खिलाफ थाना कैंट और कोतवाली नगर में एनडीपीएस एक्ट,आयुध अधिनियम और चोरी का माल बरामद होने के कुल 14 मामले पहले से दर्ज मिले हैं।

इसे भी पढ़े  राजस्व प्रशासन अवैध निर्माण रोकता रहा, किन्तु नहीं मानी कुमारगंज पुलिस

प्रयागराज हाईवे पर कोछा बाजार में खुलेगी पुलिस चौकी

अयोध्या। जनपद की कानून व्यवस्था एवं पुलिसिंग को सुदृढ़ एवं सुगम बनाये जाने को लेकर थाना चौकी की स्थापना का कार्य जारी है। नित नई अस्थाई पुलिस चौकी का निर्माण किया जा रहा है। लखनऊ हाईवे पर मवई और सुचितागंज में अस्थाई पुलिस चौकी घोषित किए जाने के बाद एसएसपी ने अब प्रयागराज हाईवे पर कोछा बाजार में अस्थाई पुलिस चौकी के संचालन को हरी झंडी दी है। साथ ही इस पुलिस चौकी का क्षेत्राधिकार घोषित किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा गौरव ग्रोवर की ओर से बीकापुर कोतवाली क्षेत्र स्थित अस्थाई नवीन चौकी कोछा बाजार में कोतवाली क्षेत्र के शेरपुर पारा,बेला ताजपुर,मरूई सहाय सिंह,ग्यासुद्दीनपुर, कोडरा,मुसलमीन,शिवतर,करौंदीमाफी, गीजा,हरिहरपुर,कोडरा ब्रह्मनान,रजौरा, देवापुर,बढनपुर,सरायखर्गी,सफीपुर, कादीपुर,वासुपुर,असरेवा,मोहम्मदपुर, हृदयीपुर,मौरांवा,विश्नोहरपुर,सोनवर्षा मुसलमीन,अमावां,पूरे वंशवन,असकरपुर, मजरूद्दीनपुर,भग्गूजलालपुर,बल्लीपुर, सहजपुर,डेहरियावां,सैनपुर,सेंधूतारा, मुमारिचनगर और कोछा बाजार गांव शामिल किए गए हैं।

 

 

You may also like

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya