अयोध्या। जनपद की श्रीरामजन्मभूमि थाना पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से चोरी की चार मोटर साइकिल बरामद की है। सीओ अयोध्या आशुतोष तिवारी ने बताया कि इधर बीच क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाएं प्रकाश में आ रही थीं। पुलिस को इसके अनावरण का निर्देश दिया गया था। रामजन्मभूमि थाना पुलिस ने अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन रोड क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। इनसे मोटरसाइकिल के कागजात मांगे गए तो वह आनाकानी करने लगे।
इन्होंने अपना नाम पता अमित सिंह निवासी ग्राम टिकरी थाना तारून और शुभम चौधरी निवासी आशापुर दर्शननगर कोतवाली अयोध्या बताया कड़ाई से पूछताछ में दोनों ने बाइक चोरी की वारदात कबूल की और पुलिस ने इनकी निशानदेही पर कुल चार बाइक बरामद की है। आरोपियों ने बताया कि टीवीएस सेंट्रा,सुपर स्प्लेंडर,एचएफ डीलक्स और बिना नम्बर प्लेट पैशन प्रो रेलवे स्टेशन के पास से रात्रि में चोरी किया था। इनमें से एक मामले में पीड़ित ने पुलिस में बाइक चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। दर्ज मामले में बरामदगी की धारा बढ़ा दोनों का चालान किया गया है और अन्य बाईकों के स्वामियों को बुलाया गया है।
किशोरी की आबरू पर हमले में छह युवक गिरफ्तार
अयोध्या। नगर कोतवाली के देवकली क्षेत्र में बदहवास हाल में मिली किशोरी के मामले में पुलिस ने आबरू पर हमले का मामला दर्ज किया है। प्रकरण में पुलिस ने गोंडा और बस्ती जनपद के रहने वाले कुल छह युवकों को गिरफ्तार कर उनका चालान किया है। घटनाक्रम के मुताबिक गैर जनपद निवासी एक किशोरी को उसका प्रेमी अयोध्या कोतवाली क्षेत्र के साकेत पुरी कॉलोनी के निकट स्थित एक होम स्टे में ले गया था। पीडित किशोरी देवकली क्षेत्र में बदहवास हाल में मिली थी।
मामले की जानकारी पर अयोध्या और नगर कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू की थी। सोमवार की शाम नगर कोतवाली पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया था और प्राप्त शिकायत के आधार पर हमले तथा पॉक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट पंजीकृत की। मंगलवार को नगर कोतवाल अश्वनी कुमार पांडेय ने बताया कि किशोरी प्रकरण में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी शिवा सिंह उर्फ छोटू 21 वर्ष निवासी चडावा थाना वजीरगंज जिला गोंडा, आदित्य मौर्य 24 वर्ष निवासी भगोहर थाना वजीरगंज जिला गोंडा, अरुण कुमार 21 वर्ष निवासी खास थाना हरैया जिला बस्ती, वरुण सिंह 21 वर्ष निवासी मुरादीपुर थाना हरैया जिला बस्ती,गिरिजेश सोनी 18 वर्ष निवासी कनरकपुर थाना पैकोलिया जिला बस्ती और दीपक सिंह 18 वर्ष निवासी रेउवा बाबू थाना हरैया जिला बस्ती का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण करवा चालान किया गया है।
मुख्य आरक्षी पर हमला में मुख्य आरोपी को जमानत नहीं
अयोध्या। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम सुरेंद्र मोहन सहाय की अदालत ने मंगलवार को मुख्य आरक्षी पर हमला कर उसको बेहोश करने के मामले में मुख्य आरोपी को अग्रिम जमानत देने से इनकार कर दिया। पूर्व में एक सह आरोपी की अग्रिम जमानत निरस्त हो चुकी है। लोक अभियोजक ज्ञानेश चंद्र पांडेय और रोहित पांडेय ने बताया कि इसी वर्ष 22 फरवरी को हेलो जॉन सुरक्षा ड्यूटी में तैनात मुख्य आरक्षी तरुण कुमार पर हमला हुआ था। अयोध्या कोतवाली क्षेत्र में छोटी देवकाली के बगल एक चाय की दुकान पर मामूली बात को लेकर साधु वेशधारी प्रबल दास से विवाद के बाद बिना नंबर की स्कॉर्पियो से पहुंचे लोगों ने उसे पर हमला किया था।
बेहोशी की हालत में पुलिस ने मुख्य आरक्षी को श्री राम अस्पताल में भर्ती कराया था और पीड़ित की शिकायत पर प्रबल दास को नामजद करते हुए पांच सात अन्य के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट पंजीकृत की थी। मामले में मुख्य आरोपी सानिध्य तिवारी उर्फ प्रबल दास पुत्र सुभाष चंद्र तिवारी चेला अजीत दास निवासी विष्णुपुर खुर्द थाना रानीगंज जिला प्रतापगढ़ हाल पता रामायणी जी की कुटिया मणि पर्वत कोतवाली अयोध्या की अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की गई थी। अदालत में गवाहों के बयान और आरोपी की भूमिका तथा अभियोजन के विरोध के कारण मुख्य आरोपी को अग्रिम जमानत देने से इनकार कर दिया। रामपत पर हुए इस वारदात में आरोपियों पर लोक सेवक पर हमला, बलवा, सरकारी कार्य में बाधा समेत अन्य आरोप लगा था। प्रकरण में अदालत पहले ही एक अन्य सह आरोपी की अग्रिम जमानत याचिका निरस्त कर चुकी है।