-सपा कार्यालय पर सम्पन्न हुआ पीडीए व्यापारी सम्मेलन, 2027 में सरकार बनाने का किया दावा
अयोध्या। समाजवादी पार्टी कार्यालय में शनिवार को पीडीए व्यापारी मंडलीय सम्मेलन आयोजित हुआ। महानगर अध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव की अध्यक्षता में हुए सम्मेलन का संचालन महासचिव हामिद जाफर मीसम ने किया। मुख्य अतिथि समाजवादी व्यापार सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष जगन अग्रवाल और विशिष्ट अतिथि प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल रहे। पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडे भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि मनीष जगन अग्रवाल ने कहा कि भाजपा सरकार में व्यापारियों का सबसे अधिक उत्पीड़न हो रहा है। उन्होंने जीएसटी और यूपीआई के नाम पर व्यापारियों को परेशान किए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अयोध्या में व्यापारियों की दुकानें उजाड़ दी गईं और उन्हें मुआवजा नहीं दिया गया। इसी तरह वाराणसी में भी व्यापारियों को हटाए जाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि व्यापारी समाज वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल ने कहा कि अयोध्या का व्यापारी परेशान है। उन्होंने रामपथ के चौड़ीकरण के दौरान दुकानों के हटाए जाने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि सब्जी मंडी चौक और 14 कोसी परिक्रमा मार्ग पर भी कार्रवाई हुई है। जायसवाल ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और पूर्व मंत्री पवन पांडे ने प्रभावित लोगों की आवाज उठाने के साथ उनकी आर्थिक मदद भी की है।
पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडे ने कहा कि समाजवादी पार्टी हर पीड़ित की आवाज है। उन्होंने कहा कि 14 कोसी परिक्रमा मार्ग से प्रभावित लोगों की समस्या को पार्टी ने उठाया, जिसके बाद भाजपा नेताओं ने भी इस मुद्दे पर आवाज उठाई। उन्होंने सवाल किया कि यदि कार्रवाई नियमानुसार थी तो मकान तोड़े जाने से पहले प्रभावित लोगों को मुआवजा क्यों नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी व्यापारी समाज के साथ खड़ी है।