-कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा-आरएसएस पर बोला तीखा हमला
अयोध्या। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय गुरूवार को रामगरी अयोध्या पहुंचे, जहां उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि स्थित रामलला के दर्शन पूजन के साथ हनुमानगढ़ी में भी मत्था टेककर प्रदेश और देश की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। जनपद की सीमा में प्रवेश करते ही सहादतगंज में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चेतनारायण सिंह एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य एवं ऐतिहासिक स्वागत किया।
बड़ी संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं और समर्थकों के उत्साह को देखते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह जनसमर्थन स्पष्ट संकेत दे रहा है कि उत्तर प्रदेश में राजनीतिक परिवर्तन की मजबूत जमीन तैयार हो चुकी है और आने वाला समय कांग्रेस पार्टी का होगा। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अजय राय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव देश की गंगा-जमुनी संस्कृति, संविधान और जनता की आस्था के सम्मान की पक्षधर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने धर्म और आस्था को राजनीतिक लाभ का माध्यम बनाकर उसकी पवित्रता को नुकसान पहुंचाया है।
पत्रकारों से वार्ता करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन एवं उससे जुड़े आर्थिक मामलों पर गंभीर प्रश्न उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि शिलापूजन एवं जनसहयोग के नाम पर देशभर के करोड़ों श्रद्धालुओं से भारी धनराशि एकत्र की गई, लेकिन आज तक उस धन का पारदर्शी और सार्वजनिक हिसाब देश के सामने नहीं रखा गया। श्री राय ने कहा कि भाजपा-आरएसएस से जुड़े लोगों द्वारा जनता की धार्मिक भावनाओं का इस्तेमाल कर धन संग्रह किया गया और अब उसके उपयोग को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि लगभग 1400 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि के संबंध में जवाबदेही तय होनी चाहिए तथा उस समय जिम्मेदार पदों पर रहे लोगों को देश की जनता के सामने स्पष्ट जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि से जुड़े आर्थिक लेन-देन और भूमि खरीद मामलों में सामने आ रही जानकारियां अत्यंत गंभीर हैं और एक संगठित अनियमितता की ओर संकेत करती हैं। यह केवल आर्थिक पारदर्शिता का मामला नहीं है, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास से जुड़ा विषय है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने मांग की कि इस पूरे प्रकरण की जांच कर रही विशेष जांच टीम (एसआईटी) अपनी रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर सार्वजनिक करे। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति यह है कि जांच की जिम्मेदारी ऐसे अधिकारी को सौंपी गई है, जिनकी निष्पक्षता को लेकर पहले से ही प्रश्न उठ रहे हैं। इससे जांच प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर संदेह उत्पन्न होना स्वाभाविक है। अजय राय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को यह स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर आस्था और धर्म के नाम पर जुटाई गई धनराशि का उपयोग किस प्रकार किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार पूरे मामले में जवाब देने के बजाय तथ्यों को दबाने और मामले को भटकाने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट के शीर्ष स्तर पर ऐसे लोगों की नियुक्ति की गई, जिनका सीधा संबंध केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री कार्यालय से रहा है। ऐसे में इस पूरे प्रकरण की नैतिक और प्रशासनिक जिम्मेदारी से केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री स्वयं बच नहीं सकते। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को जनता के बीच ले जाएगी और देश की आस्था से जुड़े हर प्रश्न का जवाब मिलने तक संघर्ष जारी रखेगी।
उन्होंने कहा कि धर्म किसी राजनीतिक दल की जागीर नहीं है और भगवान श्रीराम करोड़ों भारतीयों की आस्था के प्रतीक हैं। उनके नाम पर किसी भी प्रकार की अनियमितता, भ्रष्टाचार या आर्थिक अपारदर्शिता को देश कभी स्वीकार नहीं करेगा। पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह तथा जिला प्रवक्ता शीतला पाठक ने प्रदेशअध्यक्ष अजय राय को रामनामा पहनकर तथा स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।