कृषि विश्वविद्यालय में हुआ मीडिया सेल का गठन

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-विश्वविद्यालय स्थापना के बाद पहली बनाया गया मीडिया सेल, डॉ. सत्यव्रत सिंह बनाए गए मीडिया सेल के अध्यक्ष

मिल्कीपुर। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में मीडिया सेल का गठन किया गया है। यह विश्वविद्यालय की स्थापना के बाद पहली बार किया गया महत्वपूर्ण प्रशासनिक कदम माना जा रहा है। कुलपति डॉ ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने मीडिया सेल का गठन करते हुए कुल पांच सदस्यों को इसमें शामिल किया है। जिसके तहत विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी को भी हटाते हुए मीडिया सेल का सदस्य बना दिया गया है।

मीडिया सेल का उद्देश्य विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, शोध एवं प्रशासनिक गतिविधियों की सूचनाओं को सुव्यवस्थित तरीके से मीडिया तक पहुंचाना और सूचना प्रवाह में पारदर्शिता सुनिश्चित करना है। अब विश्वविद्यालय से संबंधित कोई भी शोध, अकादमिक उपलब्धि या अन्य महत्वपूर्ण जानकारी सीधे मीडिया में जारी नहीं की जाएगी, बल्कि वह मीडिया सेल के माध्यम से ही साझा की जाएगी। गठित मीडिया सेल के अध्यक्ष डॉ सतव्रत सिंह बनाए गए हैं। इसके अलावा सदस्य के रूप में डॉ. रागिनी मिश्रा, डॉ. रुद्र प्रताप सिंह, डॉ. जेबा जमाल और आशुतोष को शामिल किया गया है। सभी सदस्य विश्वविद्यालय की गतिविधियों से जुड़ी सूचनाओं के संकलन, सत्यापन और प्रसारण की जिम्मेदारी निभाएंगे।

कुलपति डॉ. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि मीडिया सेल के गठन से विश्वविद्यालय की छवि और अधिक सशक्त होगी तथा शोध एवं शैक्षणिक कार्यों की जानकारी समयबद्ध और प्रमाणिक रूप से सामने आएगी। उन्होंने यह भी कहा कि इससे गलत या अपुष्ट सूचनाओं के प्रसार पर रोक लगेगी और विश्वविद्यालय की गतिविधियों की बेहतर मॉनिटरिंग संभव होगी। विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि इस पहल से न केवल सूचना प्रणाली मजबूत होगी बल्कि शोध कार्यों और शैक्षणिक उपलब्धियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अधिक प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जा सकेगा।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya