अयोध्या। खण्डासा थाना पुलिस ने चोरी के एक मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से पाजेब, पायल, बिछिया, चेन, दो मोबाइल फोन और 540 रुपये नकद बरामद किया है। पकड़े गए आरोपी का पुलिस ने सीएचसी पर मेडिकल परीक्षण करवा चालान किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रायपट्टी गांव निवासी मेहर सिंह उर्फ छोटू सिंह (23) पुत्र राम अवध सिंह के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि 27 अक्टूबर 2026 को शिकायत पर पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज किया था।
मामले में नामजद आरोपी मेहर सिंह उर्फ छोटू सिंह की तलाश की जा रही थी। पुलिस टीम ने बुधवार को रायपट्टी गांव में अवधेन्द्र प्रताप सिंह के आम के बाग के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक जोड़ी पाजेब, एक जोड़ी पायल, अलग-अलग डिजाइन की दो टूटी हुई पायल, छह बिछिया और एक चेन तथा एक कीपैड मोबाइल, एक एंड्रॉयड स्मार्टफोन और 540 रुपये नकद बरामद हुआ है।
मारपीट में एक घायल, दो का शांति भंग में चालान
अयोध्या। जनपद के शहर क्षेत्र में हुए विवाद और मारपीट के अलग-अलग मामलों में एक शख्स घायल हुआ है। पुलिस ने घायल शख्स का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया है। वही दो लोगों का शांति भंग में चालान किया है। सीओ सिटी श्रीयश त्रिपाठी ने बताया कि कैंट थाना क्षेत्र में हुए विवाद और मारपीट में थाना क्षेत्र के रायपुर निवासी 38 वर्षीय राहुल यादव पुत्र स्वर्गीय शिवनाथ को पीठ दाहिने हाथ और बाएं हाथ में धूस की चोट आई है। मामले की शिकायत और जानकारी पर पुलिस में राहुल यादव का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया है।
कैंट पुलिस को अग्रिम विधिक कार्रवाई का निर्देश दिया गया है। वहीं नगर कोतवाली पुलिस ने विवाद में शामिल नगर कोतवाली क्षेत्र के देवकली गांव निवासी 45 वर्षीय काशीराम पुत्र तुलसीराम तथा बछड़ा सुलतानपुर में किराए का कमरा लेकर रहने वाले मूल रूप से बस्ती जनपद के छावनी थाना क्षेत्र स्थित सोहगिया निवासी 38 वर्षीय संदीप मिश्रा पुत्र स्वर्गीय काली शरण को पकड़ा है। दोनों के खिलाफ पाबंदी की कार्रवाई करते हुए जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण करवा इनका शांति भंग में चालान किया है।