-कांग्रेस कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा व गोष्ठी का हुआ आयोजन
अयोध्या। जिला कांग्रेस कार्यालय में भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं मिसाइल मैन के नाम से विख्यात भारत रत्न डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने की, जबकि संचालन महानगर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने किया।
इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने डॉ. कलाम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को स्मरण किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने कहा कि डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, वैज्ञानिक सोच, सादगी और युवाओं को प्रेरित करने के लिए समर्पित रहा। उन्होंने भारत को वैज्ञानिक क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका जीवन हर भारतीय के लिए प्रेरणा का स्रोत है। आज आवश्यकता है कि हम उनके बताए मार्ग पर चलकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने कहा कि डॉ. कलाम केवल एक महान वैज्ञानिक और राष्ट्रपति ही नहीं, बल्कि करोड़ों युवाओं के प्रेरणास्रोत थे। उन्होंने हमेशा शिक्षा, नवाचार और आत्मनिर्भर भारत का संदेश दिया। पीसीसी सदस्य उग्रसेन मिश्रा ने कहा डॉक्टर कलाम का सपना था कि भारत ज्ञान, विज्ञान और नैतिक मूल्यों के आधार पर विश्व में अग्रणी राष्ट्र बने।
हम सभी का दायित्व है कि उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर समाज और देश के विकास में योगदान दें। इस अवसर पर प्रमुख रूप से जिला प्रवक्ता शीतला पाठक,अशोक कनौजिया, धर्मेंद्र सिंह फास्टर, डॉ पवन मिश्रा, आशिक अली, सतीश सिंह, जनार्दन मिश्रा ,कविंद्र साहनी, सुरेंद्र प्रताप सिंह, बसंत मिश्रा, अशोक शर्मा, विजय श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे।