पूर्वांचल में आलू बुखारा की खेती का रास्ता साफ

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-कुमारगंज कृषि विश्वविद्यालय में उन्नत प्रजातियों पर शोध तेज


मिल्कीपुर। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज में आलूबुखारा (प्लम) की उन्नत प्रजातियों के विकास पर तेजी से काम चल रहा है। यह शोध पूर्वांचल के किसानों के लिए नई उम्मीद लेकर आया है, क्योंकि अब तक आलूबुखारा को केवल पहाड़ी और ठंडे क्षेत्रों की फसल माना जाता रहा है। बदलती कृषि तकनीक और वैज्ञानिक प्रयासों के चलते अब इसे मैदानी इलाकों में भी सफलतापूर्वक उगाने की दिशा में प्रगति हो रही है।

विश्वविद्यालय के उद्यान एवं वानिकी महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक डॉ. निरंजन सिंह ने बताया कि विभागाध्यक्ष डॉ. भानु के नेतृत्व में इस परियोजना पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि हिमाचल प्रदेश के डॉ. यशवंत सिंह परमार हॉर्टिकल्चर एवं फॉरेस्ट यूनिवर्सिटी और पंजाब कृषि विश्वविद्यालय लुधियाना से तीन प्रमुख प्रजातियांकृसतलुज परपल, काला अमृतसरी और आलूबुखाराकृलाई गई हैं।

इन प्रजातियों को विश्वविद्यालय परिसर के विभिन्न स्थानों पर लगाकर परीक्षण किया जा रहा है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कौन-सी किस्म पूर्वांचल की जलवायु में बेहतर उत्पादन दे सकती है। वर्ष 2023 में शुरू हुए इस शोध के तहत अब तक लगभग 50 पौधे लगाए जा चुके हैं और 2026 में इनमें फल आना भी शुरू हो गया है।

वैज्ञानिकों का मानना है कि अगले 2-3 वर्षों में बेहतर किस्म का चयन कर किसानों को उपलब्ध कराया जा सकेगा। डॉ. निरंजन सिंह ने बताया कि आलूबुखारा पोषण के लिहाज से भी बेहद महत्वपूर्ण फल है। इसमें विटामिन ए, विटामिन सी, फाइबर के साथ-साथ पोटेशियम, फॉस्फोरस, आयरन और कॉपर जैसे तत्व भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं, जो आंखों, त्वचा और रक्त संचार के लिए लाभकारी हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में किसानों को न केवल उन्नत पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे, बल्कि खेती से जुड़ी तकनीकी जानकारी भी दी जाएगी। इससे पूर्वांचल के किसान बागवानी की ओर आकर्षित होंगे और पारंपरिक खेती के साथ-साथ नई फसलों से बेहतर आमदनी और मुनाफा कमा सकेंगे।

You may also like

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya