-विभिन्न समस्याओं पर हुई सकारात्मक वार्ता
अयोध्या।प्रधान संघ अयोध्या के जिलाध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में बुधवार को प्रधानों के पदाधिकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर ग्राम पंचायतों के विकास एवं जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में प्रमुख रूप से मनरेगा मजदूरों की लंबित मजदूरी का भुगतान, वित्त आयोग के अंतर्गत विकास कार्यों की स्वीकृति, प्रधानमंत्री आवास योजना की प्राथमिकता सूची तथा संचित कोष की धनराशि ग्राम पंचायतों को उपलब्ध कराए जाने सहित अन्य समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।
वार्ता के दौरान जिलाधिकारी महोदय ने मनरेगा मजदूरी एवं वित्त आयोग से संबंधित लंबित मामलों के तत्काल निस्तारण हेतु त्वरित कार्यवाही करते हुए शीघ्र निस्तारण कराने का आश्वासन दिया।
जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि गांवों के विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जायेगी। जिला प्रशासन ग्रामीण विकास कार्यों को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। वार्ता के दौरान कई महत्वपूर्ण समस्याओं के समाधान की दिशा में त्वरित व सकारात्मक पहल हुई साथ साथ जिलाधिकारी ने कई प्रधानों की व्यक्तिगत समस्याओं का तुरंत निस्तारण कराया।वहीं प्रदेश शासन स्तर से संबंधित विषयों पर उचित कार्रवाई हेतु शासन को अवगत कराने का आश्वासन दिया गया।
जिलाध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह ने कहा कि ग्राम प्रधानों की समस्याओं का समाधान, मनरेगा मजदूरों को समय से मजदूरी तथा ग्राम पंचायतों के विकास कार्यों में आने वाली बाधाओं को दूर कराना संगठन की प्रमुख प्राथमिकता है।
जिलाधिकारी के साथ हुई वार्ता सकारात्मक एवं सार्थक रही।