-मिल्कीपुर विधानसभा को पहली बार मिला राष्ट्रीय स्तर का पद
मिल्कीपुर। सपा ने मिल्कीपुर उपचुनाव के मद्देनजर अगड़ा कार्ड खेलते हुए विधानसभा क्षेत्र के निवासी आनंद सिंह मिंटू को युवजन सभा का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनोनीत किया है। आनंद सिंह मिंटू कई वर्षों से समाजवादी पार्टी से जुड़े हैं और वह पूर्व मंत्री आनंद सेन यादव के करीब भी माने जाते हैं। आनंद सिंह मिंटू लखनऊ विश्वविद्यालय के छात्र नेता रहे हैं।
बाद में वह कांग्रेस पार्टी से जुड़े गए और 2013 में यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष निर्वाचित हुए। वर्ष 2014 से अब तक समाजवादी पार्टी में कार्यकर्ता के रूप में कार्य करते रहे। क्षेत्र में सपा कार्यकर्ता के रूप में उनकी अच्छी खासी पहचान भी है। उनके पिता स्वर्गीय रण बहादुर सिंह शिक्ष विद् एवं समाजसेवी थे।
पीडीए को लेकर भाजपाई लगातार सपा को घेर रहे थे कि सपा में अगड़ों के लिए कोई स्थान नहीं है। सपा ने इसका जवाब देते हुई मिल्कीपुर सरूरपुर गांव निवासी आनंद सिंह मिंटू की युवजन सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के पद पर ताजपोशी की है। मिल्कीपुर के किसी कार्यकर्ता को पहली बार राष्ट्रीय कार्यकारिणी में स्थान मिला है। उपचुनाव की दृष्टि से आनंद सिंह का मनोनयन काफी अहम माना जा रहा है। उन पर उपचुनाव में युवाओं के साथ-साथ क्षत्रियों को जोड़ने की भी जिम्मेदारी होगी।
आनंद सिंह मिंटू ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि मुझ जैसे सामान्य कार्यकर्ता पर राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जी ने जो भरोसा जताया है इससे मिल्कीपुर का हर नौजवान खुश है। सर्व समाज सपा के साथ है, समाजवादी पार्टी मिल्कीपुर उपचुनाव जीतेगी।