The news is by your side.

सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का हुआ आयोजन

अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के समाज कार्य विभाग एवं उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग के संयुक्त संयोजन में भारतीय सड़क सुरक्षा अभियान के तहत सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ0 विनय कुमार मिश्र ने बताया कि यातायात के नियमों का पालन कर सड़क दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है। इसके पालन न करने से आये दिन दुर्घटनायें होती रहती है जिससे जान भी जाती है। इसलिए हम सभी का कर्तव्य एवं दायित्व बनता है कि यातायात के नियमों का पालन करते हुए अपने वाहन को निर्धारित गति सीमा में चलाये। डॉ0 मिश्र ने बताया कि वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग बिलकुल नही करें। वाहन को सड़क पर ले जाने से पूर्व उसके फिटनेस की बराबर जॉच कर लेनी चाहिए। डॉ0 मिश्र ने बताया कि उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग की ओर से इस अभियान को 09 महीने तक चलाया जाना है। इसी के तहत विभाग द्वारा महीने में तीन बार अयोध्या जनपद के विद्यालयों में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम चलाया जायेगा। इसमें जनपद के क्षेत्रीय परिवहन विभाग, चिकित्सक एवं यातायात विभाग का विशेष सहयोग लिया जायेगा। सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम की समन्वयक विभाग की छात्रा सपना शर्मा एवं सविता यादव ने बताया कि इस अभियान को गति प्रदान करने के लिए अयोध्या जनपद के विभिन्न विद्यालयों में क्विज, प्रदर्शनी, गोष्ठी, कार्यशाला, नुक्कड़ नाटक एवं रैलियों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जायेगा। कार्यक्रम का शुभारम्भ मॉ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन करके किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ0 प्रज्ञा पाण्डेय ने किया। इस अवसर पर डॉ0 दिनेश कुमार सिंह, डॉ0 आलोक श्रीवास्तव, डॉ0 विवेक कुमार, मानवेन्द्र सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रही।

Advertisements
Advertisements

Comments are closed.