5600 करोड़ में बनेगा रिंगरोड : नितिन गडकरी

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

– केन्द्रीय परिवहन राजमार्ग मंत्री ने 8698 करोड की 06 परियोजनाओं का किया शिलान्यास


– 84कोसी परिक्रमा मार्ग, अयोध्या-अंबेडकरनगर सडक़ पर खर्च होगी रकम


अयोध्या। केंद्रीय सडक़ परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी एवं प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने परिक्रमा मार्ग, रिंग रोड, अयोध्या-अंबेडकरनगर, गोसाईगंज-बीकापुर सडक़ के लिए भूमिपूजन कर शिलान्यास किया। कुल छह परियोजनाओं में 8698 करोड की लागत आएगी। राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बताया कि अयोध्या के 84 कोसी परिक्रमा मार्ग के निर्माण से श्रद्धालुओं को सुविधा होगी तथा भीड़ को व्यवस्थित करने में सुगमता मिलेगी, जिससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि अयोध्या में 84 कोसी परिक्रमा मार्ग को बेहद सुंदर एवं सुविधाजनक बनाया जाएगा, जिसके दोनों ओर रामायणकालीन वृक्ष लगाने के साथ-साथ श्रद्धालुओं के लिए विश्राम स्थल भी बनाया जाएगा। अयोध्या रिंग रोड के निर्माण से शहर में भारी वाहनों का प्रवेश नियंत्रित होगा, जिससे आमजन को ट्रैफिक की समस्या से निजात मिलेगी। केन्द्रीय मंत्री द्वारा अनेक केन्द्रीय एवं विकास की योजनाओं का व्यापक जिक्र किया गया तथा योगी आदित्यनाथ के सरकार के कार्यो की व्यापक सराहना की गयी तथा कहा कि उत्तर प्रदेश को मेरे द्वारा विगत पांच वर्षो में लगभग 3 लाख करोड़ दिया गया, जिसमें से एक लाख 80 हजार करोड़ के सड़क निर्माण आदि सम्बंधी कार्य पूर्ण हो गये है तथा शेष कार्य का निर्माण चल रहा है। आप लोगों ने हमारी सरकार बनाकर कलम में ताकत दिया है इसलिए कार्य हो रहा है। आगामी 5 वर्षो में मैं 5 लाख करोड़ दूंगा। विकास कार्यो में प्रेरणा का श्रेय लोकप्रिय सांसद लल्लू सिंह को जाता है इन्होंने जितना मांगा है उतना मैं दिया तथा इनके मांग से भी मैं कई गुना ज्यादा दूंगा। यह भगवान राम की धरती है मैं भगवान राम के जन्मस्थली को विश्व स्तर पर विकसित करने के लिए हम और हमारी सरकार कृतसंकल्पित है। आज हमारे प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य स्थानीय सांसद लल्लू सिंह जी एवं अन्य जनप्रतिनिधियों तथा पड़ोसी जनपद के सांसदों के लिए रू0 8698 करोड़ की लागत से 269 किमी0 लम्बे 6 राष्ट्रीय मार्गो का शिलान्यास के अलावा अयोध्या रिंग रोड, चौरासी कोसी परिक्रमा मार्ग आदि का भी चौड़ीकरण/उन्नयन हेतु कार्यो की घोषणा की गयी। श्री गडकरी द्वारा कार्यक्रम समाप्ति के बाद हनुमानगढ़ी, श्रीरामलला मंदिर का भी दर्शन पूजन किया गया।

इसे भी पढ़े  2027 में होगा व्यवस्था परिवर्तन : पल्लवी पटेल

सीएम योगी के नेतृत्व में हो रहा अयोध्या का विकास : केशव मौर्य

-उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने सम्बोधन में कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में श्रीराम मंदिर के साथ साथ अयोध्या में चिकित्सा, महाविद्यालय, पर्यटन, विकास, रोजगार आदि क्षेत्रों में उल्लेखनीय विकास कार्य किया जा रहा है। इसके क्रम में यहां के कुण्डों का जीर्णोद्वार करना उसमें पवित्र मां सरयू का जल भरना तथा अयोध्यावासियों के लिए ज्यादा से ज्यादा विकास की धारा बहाना प्रमुख है। पर्यटन के साथ साथ व्यापार में वृद्वि की आसीम संभावनाएं है। उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा संचालित अन्य जनकल्याणकारी एवं विकासपरक योजनाओं पर भी प्रकाश दालते हुए सरकार की उपलब्धीया बतायी। केंद्रीय मंत्री गडकरी एवं उप मुख्यमंत्री द्वारा नेशनल हाईवे 27 पर फोरलेन अयोध्या रिंग रोड का निर्माण जिसकी लंबाई 58 किलोमीटर रुपए 5600 करोड़ की लागत का शिलान्यास किया गया। इसके साथ ही 84 कोसी परिक्रमा मार्ग के अयोध्या एवं अंबेडकर नगर जनपद के अंतर्गत गोसाईगंज से बीकापुर खंड का चौड़ीकरण एवं उन्नाय सहित कुल 6 परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया जिसकी कुल लागत 8698 करोड़ है। इस दौरान सांसद लल्लू सिंह, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, शोभा सिंह चौहान, रामचन्द्र यादव, बाबा गोरखनाथ, मेयर ऋषिकेश उपाध्याय समेत भाजपा के तमाम पदाधिकार मौजूद रहे।

चौरासी कोसी परिक्रमा पथ अब साकार स्वरुप में है आने वाला

– केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री भारत सरकार नितिन गड़करी से सांसद लल्लू सिंह ने जीआईसी में 8698 करोड़ की 6 परियोजनाओं के शिलान्यास के दौरान अयोध्या, अकबरपुर, जौनपुर 140 किमी मार्ग व अयोध्या से सुल्तानपुर, प्रतापगढ़ 106 किमी मार्ग के फोरलेन बनाने की मांग की। जिससे अयोध्या फोरलेन के माध्यम से काशी व प्रयागराज से जुड़ जाय। इसके साथ में लखनऊ अयोध्या गोरखपुर के 6 लेन में 19 किमी अयोध्या में दोनो किनारों पर सीमेंटेट कंकरीट की सर्विस लेन तथा नया ड्रेन बनाने की मांग की। जिसे अपने सम्बोधन के दौरान केन्द्रीय मंत्री ने स्वीकार कर लिया। सांसद लल्लू सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपेक्षा के अनुसार केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गड़करी ने अयोध्या व इससे जुड़े जनपदों को चौदह कोसी परिक्रमा पथ के रुप में ऐतिहासिक सौगात दी। इसके लिए 2015 से प्रयास किया जा रहा था। 21 दिसम्बर 2016 को केन्द्रीय मंत्री ने हम लोगो की मांग पर इसी मंच से इसकी घोषणा जीआईसी के मैदान पर की थी। वैश्विक स्तर पर रामायण की आध्यात्मिक उर्जा का संचार करने वाले पौराणिक स्थलों को समेटे यह चौरासी कोसी परिक्रमा पथ अब साकार स्वरुप में आने वाला है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केन्द्रीय मंत्री ने असम्भव से कार्य को सम्भव करके दिखाया गया है। इससे अयोध्या तथा उससे जुड़े जनपदों में रोजगार सृजन की सम्भावनाएं भी काफी तेजी से बढ़ेंगी।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya