-बारिश के दौरान दोनों छप्पर के नीचे बैठे थे, इसी दौरान अचानक छप्पर भरभराकर उनके ऊपर गिर गया और दोनों मलबे के नीचे दब गए

अयोध्या। बीकापुर कोतवाली क्षेत्र के निधियावा गांव के भुलई पुरवा में सोमवार को बरसात के दौरान छप्पर गिरने से उसके नीचे दबकर एक युवती और एक नाबालिग बालक की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम छा गया।
बताया जा रहा है कि बारिश के दौरान दोनों छप्पर के नीचे बैठे थे। इसी दौरान अचानक छप्पर भरभराकर उनके ऊपर गिर गया और दोनों मलबे के नीचे दब गए। हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया।
सूचना पर पुलिस और राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। दोनों को बाहर निकालकर उपचार के लिए पीएचसी हैरिंग्टनगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान 20 वर्षीय वंदना पुत्री स्व राम नरेश पाल और 8 वर्षीय कंस पुत्र राम बक्श के रूप में हुई है।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। एसडीएम के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने हादसे में हुए नुकसान का आकलन किया है। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की गई है।