-खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने तथा पेड़ों के नीचे वाहन खड़ा नहीं करने की अपील की है

अयोध्या। जनपद में गुरूवार शाम से शुरू हुई लगातार बारिश और तेज हवाओं ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। शनिवार को खराब मौसम के बीच थाना पूराकलंदर क्षेत्र के मसौधा बाजार में प्रयागराज हाईवे पर विशाल बरगद का पेड़ अचानक कार के ऊपर गिर गया। हादसे में कार सवार एक किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक की पहचान आकाश वर्मा के रूप में हुई है। दोनों किशोर पूराकलंदर थाना क्षेत्र के शिवदासपुर शुक्ल का पुरवा के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार घायल किशोर के बड़े भाई पंकज शुक्ला कार से मसौधा बाजार सामान खरीदने पहुंचे थे। दोनों किशोर भी उनके साथ थे। पंकज कार से उतरकर बाजार में सामान लेने चले गए। इसी दौरान तेज आंधी और बारिश के बीच सड़क किनारे खड़ा विशाल बरगद कार के ऊपर गिर गया। पेड़ के नीचे दबने से कार क्षतिग्रस्त हो गई। पंकज के कार से बाहर होने के कारण वह बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने कार में फंसे दोनों किशोरों को बाहर निकाला।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजा और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गुरूवार शाम से अचानक बदले मौसम के बाद जिले में तेज बारिश के साथ हवाएं चलीं। हवा की रफ्तार करीब 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की बात सामने आई है। इसके चलते कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के तार गिर गए। रुदौली, सोहावल, अमानीगंज, मिल्कीपुर, गोसाईगंज, बीकापुर और तारुन क्षेत्र में बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की सूचना है। शहरी क्षेत्र में फतेहगंज, चौक, वैदेही नगर, रेतिया सहित अन्य इलाकों में आपूर्ति बाधित रही।
बारिश का असर रामपथ, राम मंदिर क्षेत्र, हनुमानगढ़ी, कनक भवन और सरयू क्षेत्र में भी दिखाई दिया। तेज हवा और बारिश के कारण खुले क्षेत्रों में लोगों को परेशानी हुई और श्रद्धालुओं तथा स्थानीय लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई। मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में तेज बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई है। 27 सितंबर को भी बारिश और आंधी का असर बने रहने की संभावना है। खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने तथा पेड़ों के नीचे वाहन खड़ा नहीं करने की अपील की है।
भारी बारिश से जगह-जगह पेड़ गिरे, जनजीवन अस्त-व्यस्त

मिल्कीपुर के खिहारन, देवरिया, मेहदौना, करमडांडा, अरमारुपीपुर, परसौली, तरमा, खजूरी मिर्जापुर, सारी, कुचेरा, मीठेगांव, सुरवारा, अहिरौली, रसूलपुर आदि गांवों गांव में दो दिनों से हो रही तेज बारिश से जनजीवन पर असर पड़ा है। लोग अपने घरों में रुकने को मजबूर हैं। बारिश के कारण किसानों की खेतों में खड़ी धान की फसल गिर गई है। इससे किसानों को नुकसान हुआ है। धान के अलावा सब्जियां और गन्ने की फसल को भी नुकसान पहुंचा है।गांव में कई जगहों पर पेड़ गिरने से भी नुकसान हुआ है।
खिहारन में शनिवार दोपहर को दिनेश श्रीवास्तव का नीम का पेड़ पड़ोसी शंकर श्रीवास्तव की बाउंड्री वाल और गेट पर गिरा, जिससे उन्हें काफी आर्थिक नुकसान हुआ। गनीमत रही कि पेड़ गिरते समय कोई बाहर नहीं था अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। इसके अलावा इसी गांव में मस्जिद के पास मोहम्मद नईम के घर पर एक यूकेलिप्टस का पेड़ गिर गया। इससे उनकी छत और दीवारों को नुकसान पहुंचा है। पीड़ित मो नईम ने बताया कि पेड़ की चपेट में आने से उनकी छत पर रखा घर का कई सामान टूट गया है।
बारुन चौराहा से मेहदौना को जाने वाले प्रधानमंत्री संपर्क मार्ग पर 100 मीटर की दूरी पर एक चिलबिल का पेड़ बिजली के तार पर गिरकर लटक गया है,जिससे सड़क पर दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। मेहदौना ग्राम पंचायत के शैतानगंज में एक पाकड़ का पेड़ सड़क पर गिर जाने से राहगीरों का आवागमन प्रभावित हो गया। रजऊपुर में एक यूकेलिप्टस का पेड़ किसान के घर पर लगते हुए गिरा जिससे किसान का मोटर पंप उसकी चपेट में आ गया।
प्रगतिशील किसान सभाराज मौर्य ने प्रशासन से पीड़ितों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। फिलहाल अर्णव चक्रवात के कारण इलाके में अभी भी बारिश का दौर जारी है। भारी बारिश के कारण इलाके में विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित है,बिजली न आने से बड़ी संख्या में लोगों के इनवर्टर बंद हो गए और मोबाइल स्विच ऑफ हो गए हैं। प्रगतिशील किसान सभाराज मौर्य ने प्रशासन से पीड़ितों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। फिलहाल अर्णव चक्रवात के कारण इलाके में अभी भी बारिश का दौर जारी है। भारी बारिश के कारण इलाके में विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित है,बिजली न आने से बड़ी संख्या में लोगों के इनवर्टर बंद हो गए और मोबाइल स्विच ऑफ हो गए हैं।