-अयोध्या-रायबरेली मार्ग पर नऊवा कुआं के पास हुई दुर्घटना, गश्त पर निकले थे उप निरीक्षक आकाश यादव और कांस्टेबल प्रदीप कुमार

मृतक उपनिरीक्षक आकाश यादव (फाइल फोटो)
अयोध्या। मंगलवार देर रात गश्त कर रही पुलिस टीम की कार गिट्टी लदे ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में उपनिरीक्षक आकाश यादव की जहां मौत हो गई, वहीं कांस्टेबल प्रदीप कुमार गंभीर रूप से घायल है। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उपनिरीक्षक आकाश यादव को मृत घोषित कर दिया। हादसा अयोध्या-रायबरेली मार्ग पर पूराकलंदर थाना क्षेत्र में नऊवा कुआं के पास हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूराकलंदर थाने में तैनात पुलिसकर्मी मंगलवार देर रात कार से गश्त कर रहे थे। इसी दौरान रायबरेली मार्ग पर नऊवा कुआं के पास उनकी कार गिट्टी लदे ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने क्षतिग्रस्त कार से दोनों को बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने 28 वर्षीय उपनिरीक्षक आकाश यादव को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में 27 वर्षीय कांस्टेबल प्रदीप कुमार गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उनका जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। डॉक्टरों की टीम उनकी हालत पर नजर बनाए हुए है। आकाश यादव मूल रूप से जौनपुर जिले के रहने वाले थे और अयोध्या में उपनिरीक्षक के पद पर तैनात थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।

घायल सिपाही की जानकारी लेते एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी ली। पुलिस ने गिट्टी लदे ट्रेलर को कब्जे में ले लिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई। मृतक उपनिरीक्षक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
स्थानीय लोगों ने बताया गया कि हादसे से कुछ समय पहले उपनिरीक्षक आकाश यादव पुराकलंदर थाना क्षेत्र के मोहद्दीपुर गांव में 20 वर्षीय युवती अंकिता चौरसिया की मौत के मामले की जांच के लिए पहुंचे थे। रामसेवक चौरसिया की पुत्री अंकिता का शव शाम करीब पांच बजे घर की छत के हुक से दुपट्टे के सहारे संदिग्ध परिस्थितियों में लटका मिला था। घटना के समय परिजन खेत गए हुए थे और घर का दरवाजा अंदर से बंद था।
परिजनों को शक होने पर उन्होंने बाहर से सीढ़ी लगाकर घर में प्रवेश किया और युवती का शव छत के हुक से लटका देखा। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। उपनिरीक्षक आकाश यादव फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद शव को नीचे उतरवाया। पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था।
घटना की जांच पूरी करने के बाद उपनिरीक्षक अपने हमराही कांस्टेबल के साथ क्षेत्र में पेट्रोलिंग के लिए निकले थे। इसी दौरान दौलतपुर के पास उनकी कार हादसे का शिकार हो गई। उपनिरीक्षक आकाश यादव की मौत की जानकारी मिलने पर अयोध्या के सांसद अवधेश प्रसाद ने मृतक के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए परिवार को ढांढस बंधाया। थाना प्रभारी अश्वनी कुमार पांडे ने घटना पर शोक संवेदना व्यक्त की है हादसे के बाद दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।