अयोध्या। अयोध्या कोतवाली पुलिस ने श्रद्धालुओं का सामान चोरी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से चुराया गया सामान बरामद हुआ है।
प्रभारी निरीक्षक अयोध्या कोतवाली पंकज सिंह ने बताया कि 11 मई को एक श्रद्धालु ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस तहकीकात में जुटी थी। सुरागरसी के आधार पर साकेत बाईपास रोड से सूरज मिश्रा निवासी ग्राम बिरजा पुरवा सरैया थाना परसपुर जनपद गोंडा को गिरफ्तार किया गया है।
उसके पास से श्रद्धालु से चोरी एक मोबाइल फोन,एक काला बैग,एक काली फाइल दस्तावेज छायाप्रति सहित,एक आधार कार्ड,एक एंट्री कार्ड बरामद हुआ है। दर्ज चोरी के मामले में बरामदगी की धारा की बढोत्तरी करते हुये आरोपी का मेडिकल परीक्षण करवा चालान किया गया है।
खाते में वापस कराए साइबर ठगी के दस लाख
अयोध्या। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने निवेश के नाम पर मोटे मुनाफे का लालच देकर दस लाख से ज्यादा की ठगी के मामले में रकम वापस कराई है।
साइबर क्राइम थाना के प्रभारी निरीक्षक मो अरशद ने बताया कि पीड़ित ने एनपीआरसी पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत के बाद साइबर क्राइम थाना पुलिस ने धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
दर्ज शिकायत और रिपोर्ट पर कार्रवाई करते हुए पुलिस में संबंधित बैंक खाते में ठगी गई रकम होल्ड कराई थी,जिसको कानूनी औपचारिकताओं को पूरा कराते हुए पीड़ित को वापस कराया गया है। उन्होंने बताया कि आवेदक के खाते से इनवेस्टमेन्ट के नाम पर ठगी गई रकम दस लाख 18 हजार 873 रुपए 73 पैसे को उसके बैंक खाते में वापस करवा दिया गया है।