‘एक पेड़ मां के नाम’ संकल्प को अयोध्या ने बनाया जनआंदोलन, 44.31 लाख पौधे रोपे

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-अयोध्या ने वृक्षारोपण में रचा नया इतिहास, 44.31 लाख पौधे लगाकर लक्ष्य से आगे निकला जनपद

अयोध्या। ‘एक पेड़ मां के नाम’ वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के तहत अयोध्या जनपद ने नया कीर्तिमान स्थापित किया। पूरे जिले में रविवार को जनभागीदारी के साथ चले महाअभियान में निर्धारित लक्ष्य से अधिक पौधरोपण कर हरित विकास की मिसाल पेश की गई। जनपद को 44 लाख 02 हजार पौधों के रोपण का लक्ष्य मिला था, जिसके सापेक्ष 44 लाख 31 हजार 483 पौधे रोपित कर लक्ष्य को सफलतापूर्वक पार कर लिया गया।

जनपद को आवंटित लक्ष्य के अनुसार वन विभाग को 20 लाख 50 हजार तथा अन्य विभागों को 23 लाख 52 हजार पौधे लगाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। अभियान के दौरान वन विभाग ने अपने पूरे लक्ष्य के अनुरूप 20 लाख 50 हजार पौधे लगाए, जबकि अन्य विभागों ने लक्ष्य से अधिक 23 लाख 81 हजार 483 पौधों का रोपण किया। सुबह छह बजे से शुरू हुआ यह महाअभियान शाम पांच बजे तक पूरे जिले में उत्साह और जनसहभागिता के साथ चलता रहा।

कृषि विज्ञान केंद्र में मंत्री ने किया अभियान का शुभारंभ

कृषि विज्ञान केंद्र, डाभासेमर में उत्तर प्रदेश सरकार के आबकारी एवं मद्य निषेध (स्वतंत्र प्रभार) मंत्री नितिन अग्रवाल ने अशोक का पौधा रोपकर अभियान का शुभारंभ किया और लोगों से ‘एक पेड़ मां के नाम’ लगाने का आह्वान किया। इस अवसर पर अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने भी अशोक का पौधा लगाया। वन संरक्षक एवं क्षेत्रीय निदेशक सामाजिक वानिकी समीर कुमार, प्रभागीय वनाधिकारी प्रखर गुप्ता ने नीम तथा मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह ने महोगनी का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

इसे भी पढ़े  डीसीएम में पीछे से घुसी रोडबेज बस, पांच चोटहिल

प्रमुख सचिव ने पूरे दिन किया निरीक्षण

वृक्षारोपण अभियान के नोडल अधिकारी एवं उत्तर प्रदेश शासन के प्रमुख सचिव (स्टाम्प एवं पंजीयन) अमित गुप्ता सुबह आठ बजे से ही अयोध्या पहुंच गए और विभिन्न पौधरोपण स्थलों का निरीक्षण करते हुए स्वयं पौधरोपण किया। उन्होंने मया ब्लॉक के कुशहरी गांव में मियावाकी पद्धति से विकसित किए जा रहे क्षेत्र में पौधे लगाए। इसके बाद कंदई ब्लॉक के मीसा स्थित गौशाला में नीम, पीपल, बरगद और आम के पौधे रोपे। इसके बाद उन्होंने सोहावल ब्लॉक के आयुष्मान आरोग्य मंदिर, हाजीपुर बरसेड़ी में आंवला तथा रानाहा ग्राम पंचायत में अशोक का पौधा लगाया। वहीं रामपथ पर पेल्टोफोरम का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान प्रभागीय वनाधिकारी प्रखर गुप्ता एवं क्षेत्रीय वनाधिकारी रामेंद्र कुमार त्रिगुणायत अपनी टीम के साथ मौजूद रहे।

रामपुर हलवारा में पुराने पौधों का भी लिया जायजा

प्रमुख सचिव अमित गुप्ता ने रामपुर हलवारा में पूर्व वर्षों में लगाए गए पौधों का निरीक्षण किया और वहां भी पौधरोपण किया। इस दौरान क्षेत्रीय वनाधिकारी अरुण कुमार मौर्य अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। इसके बाद उन्होंने सोहावल ब्लॉक के अमीना कंपोजिट विद्यालय तथा मिल्कीपुर ब्लॉक के अग्रया स्थित मियावाकी वृक्षारोपण क्षेत्र में भी पौधे लगाए।

जनप्रतिनिधियों ने भी बढ़ाया अभियान का उत्साह

रामपुर हलवारा ग्राम समाज वृक्षारोपण क्षेत्र में गोसाईंगंज विधायक अभय सिंह ने पौधरोपण किया। वहीं रुदौली रेंज के करारी ब्लॉक में विधायक रामचंद्र यादव ने पीपल का पौधा लगाया। इस अवसर पर क्षेत्रीय वनाधिकारी जय प्रकाश गुप्ता अपनी टीम के साथ उपस्थित रहे।

कुमारगंज कृषि विश्वविद्यालय में भी हुआ विशेष आयोजन

आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, कुमारगंज में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने पीपल का पौधा लगाया। विश्वविद्यालय के कुलपति ज्ञानेन्द्र प्रताप सिंह ने पाकड़, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह ने कोविदार, विधायक रामचंद्र यादव ने मौलश्री तथा मिल्कीपुर विधायक चंद्रभानु पासवान ने कोविदार का पौधा रोपा। प्रभागीय वनाधिकारी प्रखर गुप्ता ने मौलश्री तथा मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह ने कोविदार का पौधा लगाकर अभियान में सहभागिता की। कार्यक्रम में क्षेत्रीय वनाधिकारी प्रमोद कुमार श्रीवास्तव, विश्वविद्यालय प्रशासन, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

इसे भी पढ़े  भावनाओं का दमन नहीं रेचन करें : डा आलोक मनदर्शन

जनभागीदारी से सफल हुआ महाअभियान

अयोध्या वन प्रभाग की सभी रेंजों में वन विभाग, विभिन्न सरकारी विभागों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक पौधरोपण किया। पूरे जनपद में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान जनआंदोलन के रूप में दिखाई दिया। अधिकारियों ने पौधरोपण के साथ पौधों के संरक्षण का भी संकल्प दिलाया और कहा कि पर्यावरण संरक्षण की यह मुहिम आने वाले वर्षों में भी निरंतर जारी रहेगी। इस तरह अयोध्या ने न केवल अपने लक्ष्य को पार किया, बल्कि सामूहिक जनभागीदारी के दम पर प्रदेश के वृहद वृक्षारोपण अभियान में उल्लेखनीय योगदान देकर पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में एक नई मिसाल भी कायम की।

You may also like

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya