-एसएसवी कॉलेज में शुरू हुआ दो दिवसीय रेडक्रॉस प्रशिक्षण

अयोध्या। रेडक्रॉस एवं सेंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड के तत्वावधान में एसएस वी इंटर कॉलेज के पंडित दीनदयाल सभागार में मुख्य अतिथि रेडक्रास के चेयरमैन डॉ.अजय मोहन श्रीवास्तव और प्रधानाचार्य डॉ. मणि शंकर तिवारी ने जॉन हेनरी ड्यूनेंट के चित्र पर माल्यार्पण कर दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया। अतिथियों ने सेवा, स्वास्थ्य और मैत्री के प्रतीक स्वरूप तीन मोमबत्तियां भी प्रज्वलित की।
मुख्य अतिथि डॉ. अजय श्रीवास्तव ने रेडक्रास के संस्थापक के जीवन परिचय और उनके सामाजिक कार्यों के बारे में सभी को जानकारी दी। उन्होंने पीड़ितों की सेवा करने के बारे में भी विस्तार से बताया। प्रधानाचार्य डॉ. तिवारी ने आए हुए अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि दीन दुखी की सेवा करना ही सबसे बड़ी पूजा होती है।
प्रशिक्षक मनोज कुमार ने रेडक्रॉस कैडेट को सीपीआर देने की विधि को मॉडल के माध्यम से बखूबी समझाया। इस दौरान विद्यालय के रेडक्रॉस प्रभारी जग प्रसाद मौर्य, रवि प्रकाश श्रीवास्तव द्वारा फ्रैक्चर होने पर ध्यान देने वाली महत्वपूर्ण बात सहित कई प्राथमिक सहायता के गुर सिखाए। प्रशिक्षण में विद्यालय के 100 रेडक्रॉस कैडेट प्रतिभाग कर रहे हैं।