-भदोखरा में रुका निर्माण अब शुरू कराने की तैयारी,प्रशासन सख्त
अयोध्या। विकासखंड मिल्कीपुर के ग्राम सभा भदोखरा में जल निकासी के लिए बन रहे नाले पर अतिक्रमण का मामला तूल पकड़ने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। पहले जहां अतिक्रमण के चलते नाले का निर्माण कार्य ठप पड़ा था,वहीं अब राजस्व विभाग ने संबंधित व्यक्ति की दीवार पर नोटिस चस्पा कर 10 दिन के भीतर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए हैं।
गौरतलब है कि गांव के करीब 25 घरों की जल निकासी के लिए क्षेत्र पंचायत निधि से पीडब्ल्यूडी सड़क किनारे लगभग 180 मीटर लंबे नाले का निर्माण कराया जा रहा था। नाले का करीब 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका था,लेकिन बीच में एक व्यक्ति द्वारा जमीन पर कब्जा कर ईंट का चट्टा लगा लेने से निर्माण रुक गया था। इससे ग्रामीणों को जलभराव की समस्या झेलनी पड़ रही थी।
मामले में ग्रामीणों द्वारा लगातार शिकायत किए जाने के बाद राजस्व निरीक्षक की ओर से 20 अप्रैल 2026 को नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में स्पष्ट कहा गया है कि सार्वजनिक रास्ते/नाले की जमीन पर किया गया अतिक्रमण अवैध है और इसे 10 दिनों के भीतर स्वयं हटाया जाए, अन्यथा प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाकर खर्च की वसूली संबंधित व्यक्ति से की जाएगी।नोटिस जारी होने के बाद गांव में हलचल तेज हो गई है।
ग्रामीणों ने इसे राहत भरा कदम बताते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो बरसात में हालात और बिगड़ सकते हैं।वहीं प्रशासन का कहना है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाने पर नियमानुसार बलपूर्वक कार्रवाई की जाएगी और नाले का निर्माण कार्य पुनः शुरू कराया जाएगा।