एनसीसी कैडेटों ने विंग कमाण्डर धीरेन्द्र सिंह जफा को अर्पित की पुष्पांजलि

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

विंग कमाण्डर धीरेन्द्र सिंह जफा पर पूरे देश को गर्व : कर्नल सुमित रंजन

अयोध्या। शुक्रवार को प्रातः काल 9ः30 बजे से 10ः30 बजे तक 1 यू.पी. बालिका स्वतंत्र कम्पनी एवम 65 यू.पी. बटालियन एन.सी.सी के लगभग 70 बालिका एवम बालक कैडेटों के द्वारा फैज़ाबाद कैन्ट मे स्थित जफा मेमोरियल पार्क मे विंग कमाण्डर धीरेन्द्र सिंह जफा, वीर चक्र की आदमकद प्रतिमा की सफाई एवं पुष्पांजलि अर्पित की गई। यह कार्यक्रम आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत देश के विभिन्न ’चक्र विजेताओं’ को सम्मान देने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का संचालन एन.सी.सी ग्रुप मुख्यालय प्रयागराज के तत्वावधान में अयोध्या स्थित दोनो एन. सी. सी इकाइयों के कमान अधिकारी कर्नल सुमित रंजन एवम ले. कर्नल. प्रसून नाथ के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

जफा पार्क भारतीय वायु सेना एवम फैज़ाबाद कैंट बोर्ड के सौजन्य से 2019 में स्थापित किया गया था। हाल ही में इस पार्क में एक मिग-21 विमान का ढांचा भी स्थापित किया गया है। इस कार्यक्रम में सर्वप्रथम कैडेटों ने प्रतिमा की ससम्मान सफाई की। तत्पश्चात उपस्थित अधिकारियों ने विंग कमाण्डर धीरेन्द्र सिंह जफा, वीर चक्र की प्रतिमा पर पुष्पमाला पहना कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान कैडेटों ने देशभक्ति कविता पाठ और गीत से माहौल को स्वदेशप्रेम से ओत प्रोत कर दिया। कैडेटों को संबोधित करते हुए 1 यू.पी. बालिका स्वतंत्र कम्पनी के कमान अधिकारी कर्नल सुमित रंजन ने कहा कि विंग कमाण्डर धीरेन्द्र सिंह जफा, वीर चक्र एक ऐसी हस्ती हैं जिन पर पूरे देश को गर्व है। उनके स्मरण में बना यह उद्यान हम सभी को उनके अदम्य साहस, पराक्रम, धैर्य और पाकिस्तान में युद्धबंदी के रूप में बिताए एक वर्ष के कठोर संघर्ष की याद दिलाता है। आज की युवा पीढ़ी और विशेष रुप से एन. सी. सी के कैडेटों को उनकी जीवनी हमेशा प्रेरित करती रहेगी।

इसे भी पढ़े  अयोध्या में दिखेंगे दक्षिण भारत के तीन महान संगीतज्ञ

जफा हाउस में निर्मित संग्रहालय का किया अवलोकन

कार्यक्रम के उपरांत सभी कैडेटों ने जफा हाउस स्थित उनके स्मरण में निर्मित संग्रहालय का दर्शन भी किया। वहां उपस्थित अरविंद श्रीवास्तव ने कैडेटों को संग्रहालय का दर्शन कराया एवम सभी कैडेटों को स्मृतिचिन्ह भेंट की। यह देश विंग कमाण्डर धीरेन्द्र सिंह जफा, वीर चक्र के पराक्रम और बलिदान के लिए सदैव कृतज्ञ एवम ऋणी रहेगा।

 

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya