दीनदयाल वार्ड की मलिन बस्ती में महापौर का जनसंवाद, समस्या निस्तारण का दिया भरोसा

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर लोदे कॉलोनी में चला स्वच्छता अभियान

अयोध्या। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के मौके पर शुक्रवार को नगर निगम की टीम ने महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी की अगुवाई में पंडित दीनदयाल वार्ड की मलिन बस्ती लोदे कॉलोनी में स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान महापौर ने स्थानीय लोगों के साथ जनसंवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और शीघ्र निस्तारण का भरोसा दिया।

स्थानीय निवासियों ने बसंत लाल की अगुवाई में महापौर को सड़क, प्रकाश, सफाई, नाली और पेयजल से संबंधित समस्याओं से अवगत कराया। महापौर ने कहा कि कॉलोनी में प्रकाश व्यवस्था के लिए सोलर लाइट लगाई गई हैं। जहां अभी भी प्रकाश की व्यवस्था नहीं है, वहां प्राथमिकता के आधार पर लाइट लगवाई जाएगी। उन्होंने पेयजल समस्या के समाधान के लिए तत्काल पाइपलाइन बिछाने के निर्देश दिए।

नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने बताया कि कॉलोनी की सड़कों का सर्वे कार्य पूरा कर लिया गया है। सड़क निर्माण के लिए वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। उन्होंने सड़क निर्माण के साथ नाली निर्माण कराने का भी भरोसा दिया।

महापौर ने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि मलिन बस्तियों में रहने वाले लोगों को भी मूलभूत नागरिक सुविधाएं प्राथमिकता के साथ उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश और सड़क जैसी आवश्यक सुविधाओं के लिए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडेय ने बताया कि बारिश के बीच नगर निगम कर्मचारियों ने कॉलोनी में विशेष सफाई अभियान चलाया। नालियों और आसपास के क्षेत्रों की सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया गया। उन्होंने बताया कि इस मौके पर क्षेत्रीय पार्षद विश्वजीत, अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ एवं भारत भार्गव, मुख्य सफाई निरीक्षक राकेश वर्मा, भाजपा नेता सुबोध श्रीवास्तव, सतीश पांडेय सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

इसे भी पढ़े  मानसिक दबाव से बचने के लिए संवाद व सकारात्मक सोच जरूरी : डॉ. आलोक मनदर्शन

महापौर एवं विधायक समेत भाजपा नेताओं ने दीनदयाल की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

अयोध्या। नगर निगम कार्यालय परिसर स्थित एकात्म मानव वाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता समेत भाजपा के प्रमुख नेताओं ने माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्म जयंती पर उनके व्यक्तित्व को याद किया गया।

वक्ताओं ने भारतीय राजनीति में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के योगदान की चर्चा करते हुए उन्हें एकात्म मानववाद का प्रणेता बताया। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के विकास और कल्याण को केंद्र में रखकर सामाजिक एवं राजनीतिक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण विचार दिए। उनके विचार आज भी समाज और राष्ट्र के विकास के लिए प्रासंगिक हैं।इस मौके पर जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष धर्मेंद्र प्रताप सिंह ‘टिल्लू’, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, कबड्डी संघ के अध्यक्ष विकास सिंह, अमल गुप्ता, महानगर महामंत्री शैलेंद्र कोरी, मंडल अध्यक्ष हेमंत जायसवाल, आलोक द्विवेदी, रवि सिंह, तिलकराम सहित अन्य भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

You may also like

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya