1
-16,999 रुपये प्रति व्यक्ति में श्रीराम जन्मभूमि दर्शन से सरयू आरती और भव्य दीपोत्सव तक का अनुभव, 30 से अधिक देशों में प्रवासी भारतीयों और विदेशी मेहमानों को भेजा जा रहा निमंत्रण
अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप अयोध्या के दीपोत्सव-2026 को और भव्य एवं आकर्षक बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। दीपावली की पूर्व संध्या पर आयोजित होने वाले दीपोत्सव में इस बार रामनगरी 30 लाख से अधिक दीपों की रोशनी से जगमगाएगी। देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को अयोध्या की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने के लिए उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग और उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने दो रात-तीन दिन का विशेष पैकेज जारी किया है।
16,999 रुपये प्रति व्यक्ति के इस पैकेज में श्रीराम जन्मभूमि दर्शन, अयोध्या के प्रमुख मंदिरों एवं विरासत स्थलों का भ्रमण, सरयू आरती और भव्य दीपोत्सव का अनुभव शामिल है। इसके साथ होटल में ठहराव और सुविधाजनक परिवहन की व्यवस्था भी पैकेज का हिस्सा है। पर्यटक घर बैठे पैकेज की बुकिंग करा सकेंगे।
पैकेज में व्यक्तिगत खर्च, स्मारकों का प्रवेश शुल्क (यदि लागू हो), बोट राइड शुल्क, टिप्स, पोर्टरेज, लॉन्ड्री और कॉल आदि शामिल नहीं हैं। जीएसटी अलग से लागू होगा तथा अन्य नियम एवं शर्तें लागू रहेंगी। बुकिंग के लिए +91 83030 19844 और www.upstdc.co.in उपलब्ध है।श्री अयोध्या जी तीर्थ विकास परिषद के सीईओ जयेंद्र कुमार ने बताया कि पर्यटन विभाग की इस पहल से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को दीपोत्सव के दौरान अयोध्या पहुंचने और यहां के प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण करने में सुविधा होगी। पैकेज में ठहराव और परिवहन की व्यवस्था होने से यात्रियों को अलग से व्यवस्थाएं करने की जरूरत नहीं होगी। उन्होंने पर्यटकों से समय रहते बुकिंग कराने की अपील की।
2,100 ड्रोन शो और 2,100 बटुक करेंगे सामूहिक सरयू आरती
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में दीपोत्सव को वैश्विक स्तर का आयोजन बनाने की दिशा में तैयारियां की जा रही हैं। पिछले वर्ष सरयू तट पर 26 लाख 17 हजार 215 दीप प्रज्वलित किए गए थे। इस वर्ष 30 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित करने का लक्ष्य रखा गया है।आयोजन में 2,100 ड्रोन शो आकर्षण का प्रमुख केंद्र होंगे। दीपोत्सव के अलावा दो दिन बाद जमघट के अवसर पर भी ड्रोन शो आयोजित किया जाएगा। इसके साथ 3डी प्रोजेक्शन, लेजर शो और म्यूजिकल ग्रीन फायरवर्क्स भी आकर्षण का हिस्सा होंगे। रामायण थीम पर रामनगरी की सजावट की जाएगी। 2,100 बटुक सामूहिक सरयू आरती करेंगे। इसके अलावा 240 से अधिक मंदिरों और मठों में दीप प्रज्वलन होगा।धर्मपथ पर 10 रामायण द्वार बनाए जाएंगे, जबकि प्रमुख मार्गों पर तीन प्रवेश द्वार तैयार किए जाएंगे। 25 प्रमुख चौराहों की विशेष साज-सज्जा की जाएगी। सरयू में पुष्पक विमान का स्थायी इंस्टॉलेशन भी स्थापित किया जाएगा।
विदेशी मेहमानों और प्रवासी भारतीयों को भी भेजा जा रहा निमंत्रण
दीपोत्सव में विदेशी मेहमानों और प्रवासी भारतीयों की भागीदारी सुनिश्चित करने की भी तैयारी है। 30 से अधिक देशों में स्थित भारतीय दूतावासों और राजदूतों के माध्यम से प्रवासी भारतीयों तक निमंत्रण पहुंचाया जा रहा है। इससे अयोध्या का दीपोत्सव अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और व्यापक पहचान हासिल करेगा।
सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन पर विशेष फोकस
दीपोत्सव को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए अयोध्या प्रशासन और पर्यटन विभाग तैयारियों में जुटे हैं। सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। आधुनिक तकनीक से जुड़े ड्रोन शो, लेजर शो और 3डी प्रोजेक्शन जहां आयोजन को आकर्षक बनाएंगे, वहीं पारंपरिक दीप प्रज्वलन और सरयू आरती अयोध्या की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को और मजबूत करेंगे। इसके साथ दक्षिण भारतीय रामलीला सहित अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
स्थानीय कारोबार को भी मिलेगा बढ़ावा
दीपोत्सव की तैयारियों को लेकर स्थानीय व्यापारियों, होटल संचालकों और परिवहन क्षेत्र से जुड़े लोगों में भी उत्साह है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आगमन से स्थानीय कारोबार और अर्थव्यवस्था को गति मिलने की उम्मीद है। रामनगरी की सड़कें, घाट और मंदिर दीपों से जगमगाएंगे, जबकि रामायण की कथाओं और प्रसंगों को सजावट, दीवारों और द्वारों के माध्यम से जीवंत रूप दिया जाएगा।
जानिए, वर्षवार कितने दीप प्रज्वलित हुए
वर्ष प्रज्वलित दीप
2017 1.71 लाख
2018 3.01 लाख
2019 4.04 लाख
2020 6.06 लाख
2021 9.41 लाख
2022 15.76 लाख
2023 22.23 लाख
2024 25 लाख
2025 26.17 लाख
दीपोत्सव के पिछले वर्षों में लगातार बढ़ते दीप प्रज्वलन के आंकड़े इस आयोजन के बढ़ते विस्तार को दर्शाते हैं। वर्ष 2026 में 30 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित करने के लक्ष्य के साथ रामनगरी को एक बार फिर भव्य दीपमाला से सजाने की तैयारी है।