– दलित चौपाल के जरिए संगठन विस्तार पर जोर
मिल्कीपुर। आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) ने मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र में अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। रविवार को रायबरेली-अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित खिहारन गांव के एक रिसॉर्ट में आयोजित दलित चौपाल एवं सहभोज कार्यक्रम के माध्यम से पार्टी ने चुनावी अभियान का औपचारिक आगाज किया। कार्यक्रम में संगठन विस्तार, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और गांव-गांव जनसंपर्क अभियान चलाने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोजपा के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं जमुई सांसद अरुण भारती ने कहा कि पार्टी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में पूरी गंभीरता के साथ जुटी हुई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पंचायत स्तर से लेकर विधानसभा स्तर तक संगठन को मजबूत करने और प्रत्येक बूथ पर सक्रिय टीम तैयार करने का आह्वान किया। उन्होंने दावा किया कि लोक जनशक्ति पार्टी उत्तर प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है और इसके लिए संगठनात्मक ढांचे को तेजी से मजबूत किया जा रहा है।
अरुण भारती ने कहा कि दलित चौपाल के माध्यम से पार्टी समाज के बीच संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को समझने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा चुनाव के दौरान संविधान और आरक्षण के मुद्दे पर भ्रम फैलाकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की गई। उनका कहना था कि दलित समाज के लोगों को उत्पीड़न की घटनाओं में अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पाता, इसलिए समाज को डर और भ्रम से बाहर निकलकर अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना होगा।
उन्होंने अयोध्या के सांसद अवधेश प्रसाद पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने जनता से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने के बजाय केवल राजनीतिक प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि जनता अब केवल आश्वासनों से नहीं, बल्कि विकास और जनहित के कार्यों से प्रभावित होगी।
प्रदेश प्रधान महासचिव (प्रबुद्ध प्रकोष्ठ) जितेंद्र सिंह ‘गुंजन’ ने कहा कि पार्टी का संगठन गांव-गांव और घर-घर संपर्क अभियान चला रहा है। उन्होंने बताया कि कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपकर चुनावी तैयारियों में सक्रिय किया गया है, ताकि आगामी पंचायत चुनाव से लेकर विधानसभा चुनाव तक संगठन पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतर सके।
कार्यक्रम का आयोजन मिल्कीपुर विधानसभा प्रभारी पति राज भारती के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय प्रवक्ता धीरेंद्र कुमार मुन्ना, प्रदेश अध्यक्ष अरविंद पासवान, प्रदेश उपाध्यक्ष अश्वनी श्रीवास्तव, जिला अध्यक्ष सर्वजीत कोरी, जिला उपाध्यक्ष जगदीश वर्मा, महानगर अध्यक्ष सुनील पांडे सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता, पदाधिकारी और समर्थक उपस्थित रहे।