अयोध्या। प्रशिक्षण भत्ते में बढ़ोतरी की मांग को लेकर राजकीय डॉ. बृज किशोर होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, देवकाली के बीएचएमएस छात्रों एवं प्रशिक्षुओं ने प्रदर्शन कर प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा। छात्रों ने आयुष मंत्रालय एवं संबंधित उच्चाधिकारियों से होम्योपैथिक बीएचएमएस इंटर्न के स्टाइपेंड में भी अन्य चिकित्सा पद्धतियों के अनुरूप सम्मानजनक बढ़ोतरी किए जाने की मांग की है।
सौंपे गए ज्ञापन में छात्रों ने कहा कि वर्तमान में बीएचएमएस इंटर्न को 7,500 रुपये प्रतिमाह प्रशिक्षण भत्ता मिल रहा है। वहीं अन्य चिकित्सा पद्धतियों के इंटर्न के स्टाइपेंड में हाल के वर्षों में बढ़ोतरी की गई है। छात्रों का कहना है कि एमबीबीएस एवं बीडीएस इंटर्न का स्टाइपेंड बढ़ाकर 25 हजार रुपये प्रतिमाह किया गया है, जबकि पशु चिकित्सा इंटर्न का स्टाइपेंड भी 4 हजार से बढ़ाकर 12 हजार रुपये प्रतिमाह किया जा चुका है।
छात्रों ने कहा कि आयुष के अंतर्गत कार्यरत इंटर्न और विशेष रूप से बीएचएमएस इंटर्न भी अस्पतालों में नियमित रूप से क्लिनिकल सेवाओं और मरीजों की देखभाल से जुड़ी जिम्मेदारियां निभाते हैं। इसके बावजूद उनके प्रशिक्षण भत्ते में अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं की गई है। लंबे समय से चले आ रहे स्टाइपेंड को वर्तमान महंगाई और जीवन-यापन की लागत के लिहाज से भी छात्रों ने अपर्याप्त बताया।
छात्रों की प्रमुख मांगें ज्ञापन में छात्रों ने छह प्रमुख मांगें रखीं। इनमें राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग के विनियमों में स्टाइपेंड की समानता का स्पष्ट प्रावधान, आयुष को बढ़ावा देने के साथ आयुष छात्रों के हितों पर भी समान ध्यान, बीएचएमएस इंटर्नशिप को वास्तविक क्लिनिकल एवं सेवा-आधारित जिम्मेदारियों के अनुरूप मान्यता देना, लंबे समय से अपरिवर्तित स्टाइपेंड को वर्तमान परिस्थितियों के अनुरूप बढ़ाना तथा न्यायसंगत एवं समान व्यवहार सुनिश्चित करना शामिल है।
छात्रों ने मांग की कि बीएचएमएस इंटर्न के स्टाइपेंड में भी शीघ्र वृद्धि कर उसे अन्य चिकित्सा पद्धतियों के इंटर्न के समकक्ष किया जाए। उनका कहना है कि इससे प्रशिक्षण के दौरान छात्रों को आर्थिक राहत मिलेगी और वे अपनी क्लिनिकल जिम्मेदारियों को बेहतर ढंग से निभा सकेंगे।
ज्ञापन में छात्रों ने शासन और आयुष मंत्रालय से मामले में शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है।