हाईवे किनारे मिला अधेड़ और युवती का शव

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

अयोध्या। धार्मिक नगरी अयोध्या के लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे गुरुवार को शव मिलने से हलचल मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल और अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कराई है। एक शव अधेड़ पुरुष का है,जबकि दूसरा युवती का। युवती के सिर और पैर में चोट के निशान मिले हैं। जबकि अधेड़ का शव सड़ा हुआ है।

गुरुवार को पुलिस को सूचना मिली कि लखनऊ हाईवे किनारे गड्ढे में एक शव पड़ा हुआ है। पुलिस मौके पर पहुंची तो एक लगभग 57 वर्षीय शख्स का शव मिला। शव काफी सड़ गल गया था,जिसके कारण आशंका जताई जा रही है कि यह लगभग दो दिन पुराना होगा। मौके से मृतक के पहचान से संबंधित कोई कागजात नहीं मिला है और उसके शरीर पर मैले कुचौले वस्त्र मिले हैं। वहीं हाईवे किनारे ही गड्ढे में एक युवती का शव मिला है। मृतका की उम्र लगभग 26 वर्ष आंकी गई है और उसके सिर तथा पैर में गंभीर चोट के निशान मिले हैं। आशंका जताई जा रही है या तो युवती हाईवे पर सड़क हादसे का शिकार हो गई अथवा वारदात के बाद उसको हाईवे किनारे सुनसान में फेंक दिया गया।

फिलहाल पुलिस आसपास के क्षेत्र के सीसीटीवी की फुटेज को खंगाल और दोनों के बारे में क्षेत्रीय लोगों से जानकारी जुटी इनकी पहचान के प्रयास में जुटी है। मौत के कारण की जानकारी के लिए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया है और शिनाख्त के लिए गश्ती जारी की है। अपर पुलिस अधीक्षक नगर चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि अधेड़ के शव पर कोई जाहिरा चोट नहीं मिला है जबकि युवती के सिर और पैर में चोट के निशान मिले हैं। अभी दोनों की पहचान नहीं हो पाई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा शिनाख्त के प्रयास कराए जा रहे हैं।

इसे भी पढ़े  भाजपा सरकार में व्यापारियों का सबसे अधिक उत्पीड़न : मनीष जगन अग्रवाल

तालाब में डूबने से चार वर्षीय बालिका की मौत

सोहावल-। रौनाही थाना क्षेत्र के देवराकोट गांव में बीती रात एक 4 वर्षीय बालिका की तालाब में डूबने से मौत हो गई। सुबह बालिका का शव तालाब में उतराता मिला।तब परिवार और गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवराकोट गांव में पंचायत भवन के पास एक घुमंतू परिवार रुका हुआ था। परिवार की 4 वर्षीय बालिका रात में किसी समय लापता हो गई।

सुबह जब परिजनों ने उसे नहीं देखा तब आसपास खोजबीन शुरू की। इसी दौरान तालाब में बालिका का शव उतराता दिखाई दिया। शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गयी। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गयी ।घटना की सूचना मिलते ही रौनाही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी लाल चंद्र सरोज ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जायेगी।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya