-सपा अल्पसंख्यक सभा ने राज्यपाल को भेजा ज्ञापन
अयोध्या। समाजवादी पार्टी अल्पसंख्यक सभा के जिलाध्यक्ष राशिद जमील के नेतृत्व में सोमवार को कार्यकर्ताओं ने मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के 38 भवनों को ध्वस्त किए जाने की प्रस्तावित कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने तथा मामले का निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित किए जाने की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट संजीव कुमार उपाध्याय को सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय हजारों विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ा एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक संस्थान है। प्रस्तावित ध्वस्तीकरण की कार्रवाई से विद्यार्थियों की शिक्षा प्रभावित होगी और उनके भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। इसलिए सरकार को किसी भी कार्रवाई से पहले सभी पक्षों को सुनते हुए न्यायसंगत एवं संवेदनशील निर्णय लेना चाहिए। सपा अल्पसंख्यक सभा ने ज्ञापन के माध्यम से यह भी कहा कि जिन भवनों को ध्वस्त करने की बात कही जा रही है, उनके संबंध में विधिक तथ्यों एवं परिस्थितियों का निष्पक्ष परीक्षण किया जाना आवश्यक है।
संगठन ने मांग की कि जब तक सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच पूरी न हो जाए, तब तक ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाई जाए। कार्यकर्ताओं ने कहा कि शिक्षा संस्थानों को लेकर सरकार को ऐसा निर्णय लेना चाहिए जिससे विद्यार्थियों के हित सुरक्षित रहें और कानून के दायरे में रहकर न्यायपूर्ण समाधान निकाला जा सके।
सपा के निवर्तमान प्रवक्ता लवलेश पांडेय ने बताया कि इस मौके पर राशिद जमील जिलाध्यक्ष अल्पसंख्यक सभा,जिला महासचिव बख्तियार खान,शावेज़ जाफरी एडवोकेट राष्ट्रीय महासचिव अधिवक्ता सभा,फरीद कुरैशी प्रदेश उपाध्यक्ष अल्पसंख्यक सभा,मिर्ज़ा सादिक हुसैन,शोएब खा,सरोज यादव, रामकरन यादव,अली सईद खा,आकिब खा,सैयद मो असलम,मसूदुल खा,आफताब अहमद ,जुनैद घोसी, राशिद सलीम,अनस खान, रजी हसन एडवोकेट,हाजी सलाहुद्दीन, कल्लू नेता,महफूज़ उस्मानी,ईशा कुरैशी,शाहरुख पठान,संतराम यादव,तरन्नुम बानो,सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।