दीपोत्सव : 25,12,585 दीयों से जगमग हुई रामनगरी अयोध्या

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-राम की पैड़ी पर बना एक और गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड


अयोध्या। 500 वर्ष बाद मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के अपने महल में विराजमान होने के उपरांत अयोध्या ने दो नए रिकॉर्ड बनाए। नया कीर्तिमान बनाते हुए दीपोत्सव 2024 में 25,12,585 (25 लाख, 12 हजार 5 सौ पचासी) दीप प्रज्ज्वलित किए गए। पिछले वर्ष 2023 में 22.23 लाख दीप प्रज्ज्वलित किए गए थे। वहीं दूसरा रिकॉर्ड सरयू आरती का रहा, जहां एक साथ 1121 वेदाचार्यों ने हिस्सा लिया। यह अनूठा रिकॉर्ड योगी सरकार ने पहली बार हासिल किया है। ड्रोन से की गई दीपों की गणना के उपरांत दीपोत्सव ने नया कीर्तिमान गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अयोध्या के प्रति प्रतिबद्धता ने एक बार फिर रामनगरी को वैश्विक रिकॉर्ड सूची में दर्ज कराया है।

गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के प्रतिनिधियों ने उत्तर प्रदेश सरकार के इस ’भव्य दीपोत्सव’ को देखा और अंततः एक साथ एक स्थान पर इतनी बड़ी संख्या में दीप प्रज्ज्वलन को विश्व कीर्तिमान का दर्जा दिया। कीर्तिमान रचने में योगी सरकार के नेतृत्व में राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय व इससे जुड़े महाविद्यालयों के शिक्षक, इंटर कॉलेजों के शिक्षक व छात्रों, स्वयंसेवी संस्थाओं, साधु-संतों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों , स्थानीय प्रशासन, पर्यटन-संस्कृति मंत्रालय आदि की भी बड़ी भूमिका रही। दीप प्रज्ज्वलन का नियत समय शुरू होते ही ’श्री राम जय राम जय जय राम’ के जयघोष के साथ एक-एक कर 25 लाख 12 हजार 585 दीप जलाए गए। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के प्रतिनिधियों द्वारा कीर्तिमान रचने की घोषणा के साथ ही पूरी अयोध्या ’जय श्री राम’ के उद्घोष से गुंजायमान हो उठी।
गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के प्रतिनिधि की ओर से ड्रोन की गणना के उपरांत यह जानकारी दी गई। इससे पहले विगत वर्ष भी दीप प्रज्ज्वजन का कीर्तिमान रचा गया था। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की ओर से प्रमाण पत्र सौंपे जाने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समूची अयोध्या, प्रदेशवासियों व देशवासियों का अभिवादन किया। इस अविस्मरणीय, अद्भुत उपलब्धि पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी को शुभकामनाएं दीं।

इसे भी पढ़े  गुयाना के उप राष्ट्रपति डॉ. भारत जगदेव ने रामलला का किया दर्शन

पिछले दीपोत्सव 2023 में प्रज्ज्वलित किए गए थे 22.23 लाख दीप

2017 में दीपोत्सव के सृजनकर्ता  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ फिर हर दिल में उतर गए। अयोध्या से अपनी गोरक्षपीठ के प्रगाढ़ रिश्तों को मूर्त रूप देते हुए मुख्यमंत्री ने इसे अनवरत जारी रखा। सीएम योगी के पहले और दूसरे कार्यकाल में दीपोत्सव का यह आयोजन समृद्ध से समृद्धतम होता रहा तो दीपों से दिव्य और भावनाओं से भव्य अयोध्या ने योगी को फिर हर दिल में बैठा लिया।   2017 में अयोध्या में 1.71 लाख, 2018 में 3.01 लाख, 2019 में 4.04 लाख, 2020 में 6.06 लाख व 2021 में 9.41 लाख, 2022 में 15.76 लाख, 2023में 22.23 लाख दीप प्रज्ज्वलित कर रिकॉर्ड बना। इस बार 25.12 लाख से अधिक दीप प्रज्जवलित किया गया। योगी सरकार में हर वर्ष बढ़ते दीपों के साथ प्रदेश व देश की समृद्धि बढ़ती गई।

भगवान रामलला के मंदिर में मुख्यमंत्री ने जलाए श्रद्धा के दीप


अयोध्या। 22 जनवरी 2024 को रामलला 500 वर्ष बाद अपने दिव्य-भव्य मंदिर में विराजमान हुए। इसके बाद 30 अक्टूबर को पहला दीपोत्सव हुआ, जब लला स्वयं के महलों में विराजमान होकर अपनी नगरी को अपलक निहारते रहे।

अयोध्या का सौंदर्य देख रामलला खुद भी भाव-विह्वल हो उठे। योगी सरकार के आठवें दीपोत्सव में राममंदिर की अनुपम छटा हर किसी को आह्लादित कर रही थी। रामलला की मौजूदगी में बुधवार को पहला दीपोत्सव मनाया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार शाम श्रीराम मंदिर भी पहुंचे।

मुख्यमंत्री ने सर्वप्रथम मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम का दर्शन किया, फिर उनके चरणों में श्रद्धा निवेदित की। इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने प्रभु के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित किए। बाहर भी मुख्यमंत्री ने पांच-पांच दीप जलाए। वहीं मंदिर प्रांगण में हजारों दीप प्रज्ज्वलित किए गए।

इसे भी पढ़े  कृषि महाविद्यालय में फिर लापरवाही के चलते परीक्षा टली

श्रीराम मंदिर में दीप प्रज्ज्वलन के दौरान केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह, प्रमुख सचिव संजय प्रसाद, श्रीराम तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, ट्रस्टी अनिल मिश्र, गोपाल जी, विनोद जी आदि भी रहे।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya